किच्छा: 30 किलो प्रतिबंधित गो मांस के साथ एक तस्कर दबोचा
किच्छा, अमृत विचार। पुलभट्टा थाना पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर थाना अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में औचक छापामार कार्यवाही करते हुए प्रतिबंधित मांस के साथ एक आरोपी को दबोच लिया। टीम ने आरोपियों के पास से पशुओं को काटने वाले औजार भी बरामद किए हैं।
इस दौरान पुलिस टीम के पहुंचने की सूचना पर एक तस्कर खेतों के रास्ते मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस की सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सा अधिकारी ने मांस का सैंपल लेते हुए जांच के लिए भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि थाना अंतर्गत ग्राम सेमलपुरा क्षेत्र में तस्करों द्वारा प्रतिबंधित मांस की तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद थाना अध्यक्ष भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने औचक छापामार कार्यवाही करते हुए ग्राम अलीनगर, थाना पुलभट्टा निवासी राहिल खान पुत्र वाहिद खान को 30 किलो प्रतिबंधित गो मांस के साथ दबोच लिया। जबकि पुलिस टीम को देखकर ग्राम अलीनगर, थाना पुलभट्टा निवासी आरिफ पुत्र नक्शू मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। टीम ने मौके से पशुओं को काटने वाले औजार पाटल व छुरा सहित अन्य सामान बरामद कर कब्जे में ले लिया।
पुलिस की सूचना पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मृगेश चौधरी ने बरामद मांस का सैंपल कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी राहिल खान एवं आरिफ के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष भट्ट ने बताया कि मौके से फरार हुए आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट के साथ उप निरीक्षक दीपा अधिकारी, कांस्टेबल इंद्रप्रकाश, कांस्टेबल गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
