लखनऊ: बीबीएयू में मनाई गई सावित्री बाई फूले जयंती
अमृत विचार लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ में मंगलवार को सावित्री बाई फूले जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विवि की आजादी का अमृत महोत्सव समिति द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जीएस वीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के पूर्व प्रिंसिपल एवं डीन प्रो. आनंद स्वरूप उपस्थित रहे। कार्यक्रम विवि के कुलपति संजय सिंह के मुख्य संरक्षण में आयोजित हुआ।
सावित्री बाई फूले जयंती पर प्रो. आनंद स्वरूप ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस समय सावित्रीबाई फुले ने लड़कियों की शिक्षा के लिए आंदोलन किया उस समय बालिका शिक्षा समाज में किसी अभिशाप की तरह देखा जाता था। उन्होंने ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले को समाज सुधार के कार्यों के दौरान आई सामाजिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले के योगदान को आज के समाज ने काफी नज़रंदाज़ किया है, जबकि उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग की महिला के कल्याण के लिए कार्य किया। अंत में उन्होंने सावित्रीबाई फुले के जीवन और उनके योगदान को स्कूल की किताबों में जगह देने की बात कही।
विवि के कुलपति आचार्य संजय सिंह ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि स्वयं का विस्तार करें ताकि समाजहित के कार्यों को करने की सोच हम अपने अंदर विकसित कर सके। अपने अंदर के भावों के निर्माण में ऐसी महान विभूतियों का ध्यान मददगार साबित होगा। सावित्रीबाई फुले ऐसी ही महान विभूति थी जिनमें समाज की महिलाओं के प्रति संवेदना थी।
ये भी पढ़े:- लखनऊ : कोहरे व शीतलहर से लड़खड़ाई हवाई, रेल व परिवहन सेवाएं
