भवाली: 11 करोड़ से बन रही मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू
भवाली, अमृत विचार। भवाली के लकड़ीटाल में 11 करोड़ की धनराशि से बनने जा रही मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण शुरू हो गया है। पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा, ईओ संजय कुमार की मौजूदगी में निर्माण कार्य शुरू किया गया। वहीं यहां के सरकारी विभागों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया।
भवनों को खाली कर सामान हटाने का काम शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देशन पर उक्त भूमि पार्किंग, शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण के भूमि को खाली कराने का काम शुरू कर दिया गया है।
पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय जनता की वर्षों की मांग पूरी हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का 11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने पर आभार व्यक्त किया।
ये मिलेगी सुविधा
पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा ने बताया कि मल्टी स्टोरी पार्किंग और कॉम्प्लेक्स बनने से यहां करीब 200 वाहन खड़े हो सकेंगे। जिससे नगर को जाम से निजात मिलेगी। रोजगार के लिए 80 दुकानें बनाई जाएंगी। साथ ही वन विभाग, पशु अस्पताल, उद्यान विभाग के अलावा नगर के सभी बैंक बहुउद्देश्यीय भवन में ही खुलेंगे।
