बरेली: चलती ट्रेन में चूहे ने फैलाई दहशत, चेन पुलिंग कर भागे यात्री
बरेली, अमृत विचार। ट्रेन में यात्री सो रहे थे कि अचानक फायर अलार्म बजने लगा। यात्रियों को लगा कि ट्रेन में आग लग गई है तो तुरंत चेन पुलिंग कर नीचे उतरकर भागने लगे। दिल्ली उत्तर रेलवे के मुख्यालय तक फोन घन-घनाने लगे। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर आरपीएफ और ऑपरेटिंग विभाग सक्रिय हुआ। जब स्टाफ ने ट्रेन में चेक किया तो पता चला कि चूहे की वजह से फायर अलार्म बजा था। ट्रेन के यात्रियों को लोको पायलट व गार्ड ने समझाया तब जाकर यात्रियों की जान में जान आई और ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
ये भी पढ़ें- बरेली: डेलापीर मंडी में आवारा पशुओं का आतंक, शिकायत करने के बाद भी नहीं हुआ समाधान
पूरी घटना मुजफ्फरपुर से नई दिल्ली को जाने वाली 12557 सप्तक्रांति एक्सप्रेस की है। रात में ट्रेन के कोच संख्या बी-1, बी-2, बी-3 के अधिकतर यात्री गहरी नींद में सोए हुए थे। मगर बंथरा और तिलहर के बीच गुरुवार 3 बजकर 21 मिनट पर फायर अलार्म जोर-जोर से बजने लगा। फायर अलार्म की आवाज सुनते ही यात्रियों की नींद भाग गई और चीख-पुकार मचने लगी। यात्रियों को लगा कि ट्रेन में आग लग गई है, यात्रियों ने चलती ट्रेन में चेनपुलिंग कर दी। बीच रास्ते में ट्रेन रुक गई और यात्री सामान लेकर भागने लगे। करीब आधा घंटा तक यात्रियों के बीच दहशत का माहौल रहा।
लोको पायलट और गार्ड ने चेक किया तो कहीं पर भी आग नहीं लगी थी। इलेक्ट्रिक विभाग के कर्मचारी ने इलेक्ट्रिक पैनल खोलकर देखा तो उसमें एक चूहा मरा हुआ था। विभाग के कर्मचारियों द्वारा चूहे को इलेक्ट्रिक पैनल से निकाल दिया गया। यात्रियों में फिर भी दहशत बरकरार थी। ट्रेन के यात्रियों को गार्ड द्वारा पूरा मामला समझाकर शांत कराया गया। तब जाकर यात्री दोबारा ट्रेन के अंदर सवार हुए और ट्रेन रवाना हुई।
चूंकि इस ट्रेन का स्टापेज बरेली जंक्शन पर नहीं है इसलिए ट्रेन को 4:21 बजे जंक्शन से रन थ्रू गुजारा गया। मगर फायर अलार्म बजने का कंट्रोल मैसेज बरेली जंक्शन आरपीएफ को भी प्राप्त हुआ था। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अभिषेक बिजारणिया ने बताया कि एसएसआई कृष्ण मुरारी ने ट्रेन के गार्ड अरुण सागर से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने बंथरा और तिलहर के बीच सप्तक्रांति एक्सप्रेस के एसी कोचों में फायर अलार्म बजने की सूचना दी। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इलेक्ट्रिक पैनल में चूहा घुस गया था जिसकी वजह से अलार्म बजा।
ये भी पढ़ें- बरेली: बिल जमा नहीं होने पर बिजली विभाग सख्त, दिन में काटे 2230 कनेक्शन तो रात में जांच करने पहुंच गई टीम
