मुरादाबाद : बाधा दूर कर कांठ और दिल्ली रोड को जोड़ें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंडलायुक्त ने डीएम और एसएसपी संग किया मार्ग का निरीक्षण, जन सहयोग लेने को किया निर्देशित

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह के साथ शनिवार को कांठ रोड से तहसील सदर कार्यालय से जाने वाले मार्ग को दिल्ली रोड से मिलाने वाले रास्ते को सुगम बनाने के लिए निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज से होते हुए दिल्ली रोड से मिलाने वाले मार्ग में आ रहे व्यवधान को देखकर अधिकारियों से इसे दूर कराने का निर्देश दिया। कहा कि जो भी विभाग इससे संबंधित हैं वह तालमेल बनाकर तेजी से कार्य करें। 

मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेष कुमार समेत जिला प्रशासन की पूरी टीम सोनकपुर ओवरब्रिज से होती हुई बुद्धि विहार आवास विकास के उस प्वाइंट पर पहुंची जहां पर मुख्य मार्ग को जोड़ने में अड़चनें आ रही थीं। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि समय रहते इस समस्या का समाधान करते हुए सोनकपुर ओवरब्रिज से मुख्य मार्ग को दिल्ली रोड से जोड़ने के लिए कार्यों को तेजी से करने का काम करें। प्रशासन की टीम ने सोनकपुर ओवरब्रिज से लेकर खुशहालपुर होते हुए बुद्धि विहार आवास विकास तक भ्रमण किया। जो बाधाएं रास्ते में आ रही थी उनके समाधान को लेकर चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को जरूरी कदम उठाए जाने के निर्देश दिए।

रास्ते में आ रहे धार्मिक स्थल हटेंगे
शनिवार को हुए अधिकारियों के सर्वे के बाद मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि बाईपास के बीच में दो-तीन धार्मिक स्थल आ रहे हैं। जिन्हें हटाया जाएगा। इसके अलावा जो भी अतिक्रमण बाईपास के रास्ते में आएगा उसे भी तोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि बाईपास के लिए पहले से ही भूमि अधिग्रहण एमडीए और आवास विकास परिषद द्वारा की जा चुकी है। 

टेंडर जारी, चार माह में तैयार होगा बाईपास
कांठ रोड को दिल्ली रोड से जोड़ने वाले बाईपास में चार किलोमीटर तक का हिस्सा मुरादाबाद विकास प्राधिकरण बनाएगा और बाकी का चार किलोमीटर हिस्सा आवास विकास परिषद को बनाना है। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह का कहना है कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से अपने हिस्से को बनाने के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। आवास विकास परिषद भी जल्द काम शुरू करेगा। मंडलायुक्त ने दावा किया है कि अगले चार महीने के अंदर इस बाईपास को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।

सर्किट हाउस तक बनेगा 24 मीटर बाईपास
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के मास्टर प्लान के तहत कांठ रोड पर अकबर के किला से शुरू होकर सोनकपुर आरओबी होते हुए शाहपुर तिगरी रोड को क्रास करेगा और आवास विकास योजना में 24 मीटर रोड को जोड़ेगा। इस बाईपास की चौड़ाई 24 मीटर और लंबाई लगभग आठ किमी होगी। यह रोड सर्किट हाउस तक पहुंचेगी। एमडीए के एक्सईएन अमित कादयान ने बताया कि यह रोड सोनकपुर आरओबी से उतरने के बाद बाईपास कांशीराम की तरफ मुड़ने के बजाए सीधे शाहपुर तिगरी की तरफ निकलेगी और बाईपास शाहपुर तिगरी रोड पर रॉयल-राधिका पैलेस के बीच से गुजरेगा। बाईपास के लिए एलाइनमेंट फिक्स कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: पेड़ लगाकर आय दोगुना कर सकेंगे किसान

संबंधित समाचार