खटीमा: घर आए सैनिक की टोल प्लाजा पहेनिया के पास सड़क हादसे में मौत
खटीमा, अमृत विचार। सितारगंज हाइवे पर पहेनिया टोल प्लाजा के निकट सड़क हादसे में अवकाश पर घर आए 18 कुमाऊं रेजीमेंट के जवान नीरज सिंह भंडारी (24) की शुक्रवार देर शाम को मौत हो गई। जवान मूल रूप से जिला बागेश्वर के गांव भंडारी शेरा व हाल निवासी भूड़ा किशनी है। उनकी 2 दिसंबर को ही हल्द्वानी से शादी हुई थी। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह दो भाइयों में सबसे बड़े थे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को पार्थिव शव परिजनों के सुपुर्द किया। बनबसा से आई 8 जेक लाइन के जवान व 18 कुमायूं रेजीमेंट के सूबेदार कैलाश सिंह की टीम ने उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की।
पुलिस के अनुसार भूड़ा किशनी निवासी 18 कुमायूं रेजीमेंट के जवान नीरज सिंह भंडारी शुक्रवार की देर शाम को खटीमा नगर से बाइक से घर को लौट रहा था। इस बीच पहेनिया टोल टैक्स के पास सड़क हादसा हो गया। सूचना मिलते ही उसे सरकारी नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलने ही परिजनों में कोहराम मच गया।
इधर, शनिवार को सैनिक का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शोकाकुल परिजनों का जमावड़ा लगा रहा। मृतक के रिश्तेदार नरेंद्र सिंह व चंचल सिंह ने बताया कि मूल रूप से बागेश्वर के भंडारी शेरा से आकर जवान का परिवार 30 वर्षों से भूड़ा किशनी में रह रहा है। परिवार में पूर्व सैनिक पिता गोंविंद सिंह भंडारी, छोटा भाई रवि भी सैनिक है। नीरज राजस्थान के सूरजगढ़ से 5 जनवरी की शाम को ही घर पहुंचा था। जो 30 दिन की सीएल पर घर आया था। उनकी शादी 2 दिसंबर 2022 को ही हल्द्वानी की सोनी से हुई थी। कोतवाली पुलिस के एसएसआई अशोक कुमार ने बताया कि घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी लगे होने की बात सामने आ रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी। हादसा ट्रैक्टर ट्राली से होने की बात कही जा रही है। बताया कि दोपहर बाद तक तहरीर नहीं मिली, तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। सैनिक नीरज सिंह भंडारी के पार्थिव शरीर पर सैन्य अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान 18 कुमाऊं रेजीमेंट से सूबेदार कैलाश सिंह हवलदार शंकर दत्त, पूर्व सैनिक नायक विनोद जोशी, दीवान सिंह, मनोहर सिंह, श्याम सिंह, गोविंद बल्लभ भट्ट, बनबसा स्टेशन हेड क्वार्टर के सूबेदार राकेश सिंह, नायब सूबेदार सुनील कुमार व जवान शामिल रहे।
