अयोध्या : मंदिर परंपरा के शास्त्रीय गायक पं. गौरीशंकर को ब्रेनस्ट्रोक
लखनऊ के लोहिया अस्पताल में कराया भर्ती, हालत स्थिर
अमृत विचार, अयोध्या। मंदिर परंपरा के प्रतिष्ठित शास्त्रीय गायक व वयोवृद्ध संत पं. गौरीशंकर महाराज उपाख्य गवैयाजी (85) को ब्रेन हेमरेज की शिकायत के बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लखनऊ में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बनी है।
बताया गया कि एक दिन पूर्व कड़ाके की ठंड के दौरान उन्हें गोलाघाट स्थित आश्रम में उच्च रक्तचाप के साथ नाक-कान से रक्त आना शुरू हो गया था। पिछले कुछ वर्षों से बीमार व अशक्त होने के कारण उनका आश्रम से निकलना बंद था। वह प्रसिद्ध पखावज वादक रामशंकर दास उर्फ पागल दास के गुरु भाई हैं।
उन्होंने 30 साल से भी अधिक समय कनक भवन सरकार को अपना संगीत समर्पित किया। इस समय आश्रम में ही शिष्यों को शास्त्रीय संगीत की शिक्षा दे रहे थे। साल 2022 में उन्हें वशिष्ठ फाउंडेशन न्यास की ओर से बृजनंदन ब्रह्मचारी सम्मान के साथ 11 हजार की राशि प्रदान की गयी थी।
यह सम्मान सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार एवं संस्कृति की रक्षा करने वाले विशिष्ट महापुरुषों को दिया जाता है। उन्हें सम्मानित करने वालों में फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत गिरीश पति त्रिपाठी के अलावा रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व बिंदुद्याचार्य स्वामी देवेंद्रप्रसादाचार्य सहित अयोध्या के विशिष्ट संत- महंत शामिल रहे।
यह भी पढ़ें:-सुल्तानपुर : आबकारी महकमे की बड़ी कार्यवाही, बीयर व देशी शराब का ठेका सीज
