अयोध्या: कबड्डी के पुरुष वर्ग में रेड, पिंक व महिला में यलो हाउस का जलवा
कृषि विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
अमृत विचार, कुमारगंज/ अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मुख्य खेल मैदान पर सोमवार से तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उदघाटन निदेशक प्रसार डा. एपी राव ने किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष व महिला टीम की कबड्डी प्रतियोगिता व महिलाओं की क्रिकेट प्रतियोगिता हुई। कबड्डी प्रतियोगिता पुरुष वर्ग में पहला मैच रेड हाउस और यलो हाउस के बीच में खेला गया। जिसमें यलो हाउस ने 19 अंक हासिल किया। रेड हाउस ने 34 अंक हासिल करते हुए यलो हाउस को शिकस्त दी। पुरुष वर्ग में दूसरा मैच ब्लू और पिंक हाउस के बीच खेला गया। जिसमें पिंक हाउस ने 41 अंक के साथ ब्लू हाउस को पराजित कर दिया। ब्लू हाउस को 31 अंक पर ही संतोष करना पड़ा।
कबड्डी प्रतियोगिता महिला वर्ग का पहला मैच पिंक हाउस और यलो हाउस के बीच खेला गया। यलो टीम ने 17 अंक हासिल कर पिंक हाउस को चार अंकों से पराजित कर दिया। पिंक हाउस की टीम 13 अंक पर ही सिमट कर रह गई। प्रतियोगिता का आयोजन क्रीड़ा प्रभारी डा. संजय पाठक के नेतृत्व में हुआ। खेल में रेफरी की भूमिका डा. देवनारायण पटेल व अभिषेक सिंह ने निभाई। खेल की स्कोरिंग कबड्डी अध्यक्ष अमरनाथ सिंह ने की। प्रतियोगिता के दौरान कुलपति के सचिव डा. जसवंत सिंह, डा. एसपी सिंह, डा. अखिलेश सिंह, डा. भानु प्रताप सिंह, डीएवी की प्राचार्या पुष्पा कुमारी समेत तमाम शिक्षक और छात्र - छात्राएं मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: तहसील गेट बंद कर भकियू ने किया जोरदार प्रदर्शन
