बरेली : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, गला दबाकर की थी शोबी की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में हुई थी हत्या, सोमवार को हुआ पोस्टमार्टम

बरेली, अमृत विचार। शोबी देवल की गला दबाकर राजस्थान में हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। सिर पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। हत्यारोपी महिला और एक युवक को राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

शोबी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के देर रात तक शव लेकर बरेली पहुंचने की बात सामने आई है। गली नवाबान के निवासी रामू पटवा और गौरी पटवा की मौसेरी बहन आकांक्षा उर्फ शोबी देवल (21) बचपन से उन्हीं के साथ रहती थी। 31 दिसंबर को वह नाराज होकर चली गई थी।

तलाश के बाद जब शोबी का पता नहीं चला तो गौरी और रामू पटवा ने कोतवाली में 2 जनवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 7 जनवरी को राजस्थान के दौसा जिले के थाना मेहंदीपुर बालाजी थाने की पुलिस ने रामू को कॉल करके सूचना दी कि यहां शोबी की हत्या कर दी गई है। शोबी का शव मुलखराज धर्मशाला कमरा नंबर 13 में मिला था। पुलिस को शोबी का बैग और कुछ सामान भी मिला।

आरोपी पवन पर दर्ज हैं कई मुकदमे
दौसा पुलिस के मुताबिक मुलखराज धर्मशाला में अलीगढ़ थाना क्षेत्र के खैर निवासी पवन ने कमरा लिया था। उसके साथ आजमगढ़ में रहने वाली गायत्री भी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी पवन के खिलाफ अलीगढ़ समेत अन्य जिलों में भी महिलाओं और युवतियों के खरीद फरोख्त के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि पवन और उसके साथ की युवती ने शोबी को भी गलत नियत से बहलाकर अपने साथ लाने का प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं मानी तो उसे मौत के घाट उतार दिया।

बदबू आने पर दी पुलिस को सूचना
मेहंदीपुर बालाजी के मुलखराज धर्मशाला के कमरा नंबर 13 को पवन ने 2 जनवरी को बुक कराया था। पुलिस के मुताबिक उसके साथ दो युवतियां भी थीं। 3 जनवरी को पवन व गायत्री कमरा बंद कर वहां से चले गए। कमरा न खुलने और अंदर से बदबू आने पर होटल के प्रबंधक करन सिंह को संदेह हुआ था। करन सिंह की ओर से हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

हत्या करने के बाद गंगा स्नान किया और भोज कराया
पवन ने राजस्थान पुलिस को पूछताछ में बताया कि शोबी की हत्या करने के बाद वह और गायत्री हरिद्वार गए। वहां उन्होंने गंगा स्नान किया और ब्राह्मणों को भोज कराकर दान दिया। इसके बाद वे दोनों राजस्थान के मुख्य समाचार पत्रों पर नजर रखे रहे। एक समाचार पत्र की खबर ने उन्हें भ्रमित कर दिया। उसमें अलीगढ़ की युवती की मौत की खबर प्रकाशित हुई थी। इससे पवन व गायत्री बेफिक्र हो गए थे, लेकिन पुलिस ने जब तलाश शुरू की तो राजफाश हो गया।

नशीली चाय देकर किया बेहोश
पुलिस ने धर्मशाला में मिली आईडी के अनुसार गायत्री और पवन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पवन ने बताया कि उसका इरादा शोबी को बेचने का था, लेकिन वह तेजतर्रार थी, इसलिए गायत्री और पवन उसे अपने वश में नहीं कर सके। इसके बाद उसे नशीली चाय पिलाकर बेहोश कर दिया। जब वह अर्द्ध बेहोशी हालत में पहुंची तो हत्या कर दी और दोनों वहां से चले गए। वे दोनों शोबी के साथ गलत काम करना चाहते थे, लेकिन वह विरोध करती रही। पुलिस आरोपियों से अब तक पूछताछ कर रही है।

शोबी हत्याकांड के मामले की जांच राजस्थान पुलिस कर रही है। पुलिस ने एक महिला और पुरुष को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को पुलिस खुलासा करेगी- हिमांशु निगम, इंस्पेक्टर, कोतवाली।

ये भी पढ़ें- बरेली: 10 साल से जमे चर्चित कर अधीक्षक के हुए तबादले

संबंधित समाचार