फिर मंडरा रहा बर्ड फ्लू का खतरा, एक लाख मुर्गियों को मारेगा जापान... निर्यात पर लगा प्रतिबंध

फिर मंडरा रहा बर्ड फ्लू का खतरा, एक लाख मुर्गियों को मारेगा जापान...  निर्यात पर लगा प्रतिबंध

टोक्यो। जापान के मियाजाकी प्रांत में बर्ड फ्लू के नए प्रकोप के कारण करीब एक लाख मुर्गियां मारी जाएंगी। कृषि मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि सोमवार को इस बीमारी का संदेह तब हुआ जब कावामिनामी शहर में अंडा फार्म के कर्मचारियों को मुर्गियां मृत मिलीं। बाद में बर्ड फ्लू के नये वैरिएंट की पुष्टि की गयी। 

अधिकारियों ने प्रकोप वाले स्थानों के आसपास तीन किलोमीटर के दायरे में मुर्गियों और अंडों के परिवहन तथा साथ ही 10 किलोमीटर के दायरे के बाहर मुर्गियों और अंडों के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रवासी पक्षी इस वर्ष सामान्य अवधि से पहले लौट आए हैं और संक्रमण पूरे क्षेत्रों में तेजी से फैल रहा था।

पहले से ही उच्च मुद्रास्फीति और खाद्य उत्पादों की बढ़ती क़ीमतों के कारण महंगे हुए अंडों की कीमत बर्ड फ्लू के बाद 29 साल के चरम पर पहुंच गई है। जापान में एवियन इन्फ्लूएंजा का पहला मामला अक्टूबर 2022 में पाया गया था। जापान के कृषि मंत्रालय के अनुसार बर्ड फ्लू के प्रसार के बीच गिरावट की शुरुआत के बाद से देश में रिकॉर्ड एक करोड़ 80 हजार मुर्गियां मारी गई हैं।

ये भी पढ़ें:- भारतीय अमेरिकी चारणिया अंतरिक्ष विशेषज्ञ NASA के नए चीफ टेक्नोलॉजिस्ट नामित