रुद्रपुर: रकम लौटाने पर भी सूदखोर मांग रहा आठ लाख
रुद्रपुर, अमृत विचार। पंतनगर टा ब्लॉक कॉलोनी की विवाहिता ने सूदखोर पर मूल व ब्याज देने के बाद भी आठ लाख की रकम मांगने और डरा धमकाकर मकान के कागजात रखने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वर्षा रानी लनिवासी टा ब्लॉक कॉलोनी ने बताया कि मार्च 2020 को उसने अपनी डिलीवरी व नानी के कैंसर के इलाज के लिए झा कॉलोनी पंतनगर के अजीत कुमार से 6.80 लाख रुपये 10 फीसदी ब्याज दर से लिए थे। वह अपने पिता के खाते का खुद संचालन करती है।
धनराशि की देनदारी को समय-समय पर सूदखोर को दिया गया। आरोपी के पिता व माता के खाते में कई बार अलग-अलग तिथियों में रकमों का भुगतान किया गया। शेष धनराशि 1.26 लाख रुपये की ऐवज में आरोपी द्वारा साथी के मिलकर डरा धमकाकर जमीन की रजिस्ट्री व दाखिल खारिज व तीन स्टांप बनवाकर अपने पास रख लिए। वह सूदखोर को 4.80 लाख की रकम चुकता कर चुकी है।
बावजूद इसके अजीत ने अपने साथी गौरव के साथ मिलकर उसे धमकाना शुरू कर दिया और मूल व ब्याज लगाकर आठ लाख रुपये और मांगने लगा। रकम नहीं देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी मिलने लगी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
