बरेली: सजने लगा उत्तरायणी मेला, महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी करेंगे उद्घाटन
बरेली क्लब ग्राउंड में मिनी उत्तराखंड उतरने की तैयारियां अंतिम चरणों में पहुंचीं
बरेली, अमृत विचार। शहरवासियों के लिए मिनी उत्तराखंड की झलक पाने के सिर्फ दो दिन बचे हैं। बरेली क्लब के ग्राउंड में दो साल के बाद उत्तरायणी मेला सजाया जा रहा है। जिसमें उत्तराखंड की सांस्कृतिक कलाकृतियों की छटा बिखेरेगी। 150 से ज्यादा पर्वतीय क्षेत्रो के व्यापारी अपने स्टाल लगाएंगे। जिन पर उत्तराखंड के उत्पाद सजे होंगे। दो दिन से ग्राउंड में भव्य गेट के साथ दुकानों के तंबू लगना शुरू हो गए हैं। परिसर में मंदिर का स्थान बनाया जा रहा है। बड़े झूले के साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे-छोटे झूले भी लगने शुरू हो गए।
मेला कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद बिष्ट, पीसी पाठक, देवेंद्र जोशी, भवानी दत्त जोशी आदि की देखरेख में मेले की सजावट की जा रही है। दो दिन में पूर्णरूप से मेला सजकर तैयार हो जाएगा। उत्तरायणी जन कल्याण समिति के कार्यक्रम के अनुसार 13 जनवरी को महाराष्ट्र के राज्यपाल एवं पूर्व सीएम उत्तराखंड भगत सिंह कोश्यारी मेले का उद्घाटन करेंगे।
मंगलवार को उनका बरेली आने का सरकारी कार्यक्रम भी जारी हो गया, जिसके अनुसार भगत सिंह कोश्यारी राजकीय विमान से सीएसएमआई एयरपोर्ट मुंबई से 13 जनवरी की दोपहर करीब 12.15 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से कार के जरिए 12.45 बजे सर्किट हाउस आएंगे। दोपहर करीब 1.35 बरेली क्लब में उत्तरायणी मेले का उद्घाटन करने जाएंगे। मेला 13 से 15 जनवरी तक चलेगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: कोहरे ने थामी ट्रेनों की रफ्तार, यात्रियों ने झेली ठिठुरन की मार
