काशीपुर: दहेज उत्पीड़न में पति समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट
काशीपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब 10 वर्ष पूर्व उसका उसका विवाह शहर निवासी सचिन के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुआ था। जिसमें उसके परिवार वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था।
उसके तीन बच्चे भी हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति आए दिन उसे कम दहेज लाने की खातिर मारता-पीटता था। जिसमें उसके परिजन भी उसके साथ गाली-गलौज कर उसका उत्पीड़न करते थे। पीड़िता के अनुसार बीती 27 अक्टूबर 2022 को उसके पति ने मारपीट करते हुए दो लाख रुपये दहेज में लाने की मांग करते हुए बच्चों समेत घर से निकाल दिया।
तब से वह अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही है। इस दौरान उसे पता चला कि उसके पति सचिन ने मंदिर में जाकर दूसरी शादी कर ली है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सचिन सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
