लालकुंआ: मांगें मनवाने को श्रमिकों ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन
लालकुआं, अमृत विचार। सेंचुरी पेपर मिल, लालकुआं में उत्पीड़ित श्रमिकों के आन्दोलन को रविवार को छह माह पूरे हो गए। उत्पीड़ित श्रमिकों ने हाड़ कपाती ठंड में अर्धनग्न प्रदर्शन किया और सभी राजनैतिक दलों से आग्रह किया कि जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए।
ग्राम प्रधान शंकर जोशी के नेतृत्व में सभी श्रमिकों ने अर्धनग्न होकर मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी आरोप लगाया कि वे उनकी सुध नहीं ले रहे हैं, जिससे उनके बच्चे रोटी के लिए मोहताज हो चले हैं। चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें जल्दी पूरी नहीं की गईं तो वे सामूहिक आत्मदाह करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मिल प्रशासन की होगी। इस दौरान ग्राम प्रधान शंकर जोशी, भास्कर सियाल, कंचन सिंह, मुकेश, सौरव सुयाल, राजीव चमका आदि मौजूद रहे।
