मेरठ : मंत्री नितिन अग्रवाल बोले- 10 महीने में जहरीली शराब पीने से नहीं मरा कोई व्यक्ति

मेरठ : मंत्री नितिन अग्रवाल बोले- 10 महीने में जहरीली शराब पीने से नहीं मरा कोई व्यक्ति

मेरठ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने अवैध शराब का कारोबार करने वाले माफियाओं पर पूरी तरह शिकंजा कस रखा है। इसका परिणाम देखने को भी मिल रहे हैं। पिछले 10 माह में किसी भी व्यक्ति की जहरीली शराब पीने से मौत नहीं हुई है। सोमवार को मेरठ के मोदीपुरम स्थित कैलाश तीर्थ आश्रम में  पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री नितिन अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

UP की राजनीति में व्यापारी वर्ग का बड़ा योगदान
पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि UP की राजनीति में व्यापारी वर्ग का बड़ा योगदान है। भाजपा सरकार व्यापारी वर्ग के हित में कार्य कर रही है। जल्द ही उनके नेतृत्व में प्रदेश के सभी जनपदों में व्यापारी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। मेरठ में भी जल्द बड़ा व्यापारी सम्मेलन आयोजित होगा। इसको लेकर व्यापारियों से लगातार वह संपर्क साध रहे हैं। 

सभी 80 सीटों पर जीतेंगे चुनाव
मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि 2024 में लोकसभा के चुनाव होने हैं। प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटे है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जनता हित में कार्य कर रहे हैं। डबल इंजन की सरकार में विकास कार्यों की गंगा बही है। मेरठ में रैपिड रेल का कार्य तेजी से चल रहा है, साथ ही एक्सप्रेस वे बनाए जा रहे हैं। जनता को भाजपा पर विश्वास है। आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर चुनाव जीतेगी। 

स्वामी कनक प्रभा नंद सरस्वती महाराज का लिया आशीर्वाद
नितिन अग्रवाल ने आश्रम में पहुंचकर सबसे पहले स्वामी कनक प्रभा नंद सरस्वती महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी कनक प्रभा नंद सरस्वती महाराज ने विधि विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद उन्होंने बच्चों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष विमल शर्मा मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : मेरठ: संघ पदाधिकारी के घर में साथी महिला के साथ घुसे बदमाश, शोर मचाने पर भागे