BJP कार्यकारिणी की बैठक में PM Modi बोले- भारत के जीवन का ‘सर्वोत्तम समय’ आने वाला है

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत के जीवन का सर्वोत्तम समय आने वाला है, इसलिए ऐसे समय में देश के विकास में योगदान देने के लिए सभी को कड़ी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से यह आह्वान भी किया कि वे अमृत काल को कर्तव्य काल में परवर्तित करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दें, तभी देश को तेजी से आगे ले जाया जा सकता है।

ये भी पढे़ं- कोविड रोधी टीकों के दुष्प्रभाव वाली मीडिया रिपोर्ट त्रुटिपूर्ण: स्वास्थ्य मंत्रालय

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा अब केवल एक राजनीतिक आंदोलन नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक आंदोलन में रूपांतरित हो गया है। प्रधानमंत्री के संबोधन की जानकारी मीडिया से साझा करते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने यह जानकारी दी। बकौल फडणवीस, मोदी ने कहा,  भारत के जीवन का सर्वोत्तम काल आ रहा है और हम इसे सामने आते देख रहे हैं। ऐसे समय में हम लोग मेहनत में पीछे ना रहें। प्रयत्नों की पराकाष्ठा करें। अपने जीवन का क्षण-क्षण और अपने शरीर का कण-कण हम भारत की विकास गाथा में लगाएं। 

फडणवीस के मुताबिक, मोदी ने कहा 'अमृत काल' को 'कर्तव्य काल' में परवर्तित करने से ही देश को आगे ले जाया जा सकता है। ज्ञात हो कि भारत की आजादी के 75 वर्ष से 100 वर्षों तक के सफर को प्रधानमंत्री अक्सर ‘अमृत काल’ कहते हैं।

अपने संबोधन के दौरान मोदी ने भाजपा के विभिन्न मोर्चों को सीमाई क्षेत्रों में अपने कार्यक्रम करने, आकांक्षी जिलों के विकास में योगदान देने, काशी-तमिल संगमम की तर्ज पर अन्य भाषाओं से जुडे़ कार्यक्रमों का आयोजन करने और पार्टी के प्राथमिक सदस्यों का जिलेवार सम्मेलन करने का सुझाव दिया। फडणवीस ने कहा कि आज का प्रधानमंत्री का उद्बोधन प्रेरक, दिशा तय करने वाला और नयी राह दिखने वाला था। उन्होंने कहा, यह कोई राजनीतिक भाषण नहीं था। उनका भाषण एक स्टेट्समैन का भाषण था।

ये भी पढे़ं- शिक्षा विभाग में जल्द लाई जाएगी ट्रांसफर पॉलिसी: शिक्षा मंत्री

 

 

संबंधित समाचार