मेरठ: सरकारी स्कूल पर आवारा पशुओं का कब्जा, बाहर बैठकर पढ़ने को मजबूर बच्चे
मेरठ, अमृत विचार। फलावदा थाना क्षेत्र के पिलौना गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने प्राइमरी स्कूल में आवारा पशुओं को बंद कर दिया। जिस, कारण ठंड में बच्चे स्कूल के बाहर पढ़ने को मजबूर हैं। मेरठ जिले में आवारा गोवंश लगातार परेशानी का सबब बने हुए हैं। अभी तक आवारा गोवंश किसानों की फसल नष्ट कर उनके लिए मुसीबत का कारण बने हुए थे। लेकिन, अब आवारा गोवंश बच्चों की शिक्षा पर भी भारी पड़ रहे हैं।
ये भी पढे़ं- मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत
बुधवार को ग्रामीणों ने आवारा गोवंश को पकड़कर प्राइमरी स्कूल में बंद कर दिया। स्कूल पहुंचे बच्चों को परिसर में गोवंश बंधे मिले तो वह गेट के बाहर खड़े रहे। शिक्षक शिक्षिकाओं के पहुंचने के बाद भी समस्या का हल नहीं निकल सका। जिस, पर शिक्षक शिक्षिकाओं ने गेट के बाहर ही बच्चों की क्लास लगाकर शिक्षण कार्य कराया। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा गोवंश लगातार फसलें नष्ट कर रहे हैं। साथ ही लोगों के ऊपर हमले कर रहे हैं। सरकार कोई व्यवस्था नहीं कर पा रही है। जिस, कारण अब स्कूली बच्चे भी परेशान हो रहे हैं।
शिक्षक प्रदीप पूनिया ने बताया कि गोवंश के चलते सभी परेशान हैं। ग्रामीण उन्हें पकड़कर ग्राम पंचायत के साथ स्कूलों में भी बांध रहे हैं। जिस, कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सरकार को जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।
ये भी पढे़ं- मेरठ: 13वें दिन भी धरना जारी, बुधवार से भूख हड़ताल पर बैठेंगे 3 कार्यकर्ता
