कटरी ट्रिपल मर्डर केस: पाठक की तलाश में 4 जिलों में 50 से ज्यादा दबिश, मगर नहीं आया हाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अफसरों ने कहा- हाथ नहीं आया तो गैरजमानती वारंट जारी कराकर इनाम घोषित करेंगे

बरेली, अमृत विचार। कटरी के तिहरे हत्याकांड के तीसरे प्रमुख किरदार सुभाष पाठक और उसके भाई वीरेंद्र पाठक के सियासी संरक्षण में लखनऊ में छिपे होने की खबर आम होने के बाद अब पुलिस सक्रिय हो गई है। दावा किया गया है कि पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पिछले दो दिनों में उनकी तलाश में लखनऊ के साथ हरिद्वार, बदायूं और आगरा में 50 अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन फिर भी पाठक भाई हाथ नहीं आए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पाठक भाई हाथ नहीं आए तो दोनों के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी कराकर उन पर इनाम भी घोषित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बरेली: शहर में 23 सौ करोड़ का निवेश और 10 हजार रोजगार... सपना हसीन है बशर्ते सच हो जाए

सुरेश प्रधान और सरदार परमवीर सिंह के बीच जमीनों पर कब्जे की जंग में कटरी में तीन लोगों की हत्या के बाद सुभाष पाठक और वीरेंद्र पाठक का भी नाम सामने आया था। सुरेश प्रधान ने दोनों भाइयों को कटरी में जमीनों पर कब्जा कराया था। कटरी में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत के बाद दोनों भाई फरार हो गए थे।

दो दिन बाद ही सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन लखनऊ में होने का पता चल गया था लेकिन उनके वहां एक कद्दावर नेता के संरक्षण में छिपे होने की चर्चा के बीच पुलिस ने कई दिन बाद भी लखनऊ की ओर रुख नहीं किया तो सवाल खड़े होने शुरू हो गए।

अमृत विचार में इसके खुलासे के बाद आईजी के निर्देश पर चार पुलिस टीमें गठित कर लखनऊ के साथ हरिद्वार, बदायूं और आगरा भेजी गईं। बताया जा रहा है कि चारों शहरों में पुलिस टीमों ने पिछले 48 घंटों में 50 से ज्यादा संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन पाठक भाई पुलिस के हाथ नहीं आए। पुलिस के मुताबिक इस बीच उनका मोबाइल एक बार भी ऑन नहीं हुआ है। इस वजह से उन्हें ट्रैस करने में दिक्कत हो रही है।

पुलिस के मुताबिक सुभाष पाठक के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी कराने के लिए जल्द ही न्यायालय में अर्जी दी जाएगी। इसके साथ पाठक भाइयों पर इनाम भी घोषित किया जाएगा।

प्रधान लगभग ठीक, भूमाफिया घोषित करेगी पुलिस
सरदार परमवीर सिंह को भूमाफिया घोषित करने के लिए पुलिस पहले ही अपनी रिपोर्ट एसडीएम को भेज चुकी है। अब मुख्य आरोपी सुरेश तोमर उर्फ प्रधान का भी आपराधिक इतिहास तैयार किया जा रहा है। इसके बाद उसे भी भूमाफिया घोषित करने के लिए पुलिस एसडीएम को रिपोर्ट भेजेगी। पुलिस के मुताबिक प्रधान के खिलाफ कई जिलों में करीब दर्जन भर मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि सुरेश प्रधान अब पूरी तरह ठीक हो गया है। बृहस्पतिवार को डॉक्टरों ने उसकी ड्रेसिंग की थी। हालांकि पुलिस से बचने के लिए वह अब भी अस्वस्थ होने का नाटक कर रहा है।

पैरवी में पहुंचे समुदाय के लोग, बोले- प्रधान निर्दोष
सुरेश प्रधान को बचाने के लिए पुलिस पर लगातार दबाव बनाने की कोशिश हो रही है। शुक्रवार को रेंज के एक वरिष्ठ अधिकारी के पास एक खास समाज के कई नेता पहुंचे। काफी देर तक वह अधिकारी के सामने सुरेश प्रधान के निर्दोष होने की दुहाई देते रहे। पुलिस अधिकारी ने इन नेताओं से कहा कि हत्याकांड में किसी बेगुनाह को जेल नहीं भेजा जाएगा। पुलिस पूरी तरह जांच करने के बाद ही कार्रवाई कर रही है।

पाठक समेत सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें कई जिलों में दबिश दे रही हैं। पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी गिरफ्त में नहीं आए हैं। प्रधान को भूमाफिया घोषित करने के लिए उसका आपराधिक व्योरा जुटाया जा रहा है---राजकुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक देहात।

यह भी पढ़ें- बरेली: डीएम के आदेश पर कब्र से निकाला गया शव, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार