अयोध्या: मान्यता प्राप्त विद्यालयों की आय बढ़ाने को बना मसौदा
निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने नागरिकों से मांगे हैं सुझाव
अयोध्या, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने मान्यता प्राप्त विद्यालयों की अतिरिक्त भूमि के माध्यम से विद्यालय की आय बढ़ाने को लेकर एक ड्राफ्ट बनाया है। इस ड्राफ्ट पर आम नागरिकों से सुझाव मांगे गए हैं। इसका उद्देश्य यह है विद्यालय की अतिरिक्त भूमि का व्यवसायिक उपयोग कर उससे प्राप्त आय को विद्यालय के विकास पर खर्च किया जा सके।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से तैयार किये गये ड्राफ्ट के मुताबिक विद्यालय की मान्यता के समय स्वीकृत मानक के अतिरिक्त विद्यालय की अधिक खाली पड़ी जमीनों पर खेल, सांस्कृतिक कार्य, प्रदर्शनी, बागवानी आदि से सम्बन्धित आय अर्जित किए जाने के उद्देश्य से अनुमति दिये जाने पर विचार किया जा सकता है। यह भी कहा गया है कि विद्यालय की अतिरिक्त कृषि योग्य भूमि या अन्य भूमि को पट्टे या बटाई पर देकर उससे होने वाली आय को विद्यालय के विकास में प्रयोग किया जाए।
इसके अलावा जिन विद्यालयों में मान्यता के समय स्वीकृत मानक के अलावा स्थान व कमरे उपलब्ध हैं, या विद्यालय अवधि के बाद विद्यालय में नर्सरी, प्राथमिक मान्टेसरी कक्षाएं संचालित कर, कम्प्यूटर व व्यवसायिक प्रशिक्षण सम्बन्धी पाठ्क्रम का संचालन कर विद्यालय की आय बढ़ाई जा सकती है। इस बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस ड्राफ्ट पर कोई भी आम नागरिक अपने सुझाव निदेशालय को ई-मेल से भेज सकता है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: समस्याओं को लेकर किसानों ने लगाई पंचायत, उठाई ये मांग
