किच्छा: पुलिस ने अफीम की खेती कर रहे व्यक्ति को दबोचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहे आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी द्वारा अपने घर के आंगन में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी।

फिलहाल पुलिस  ने अफीम की खेती को नष्ट करते हुए पौधों को कब्जे में ले लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।

 कोतवाली परिसर में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मनोज कुमार ने बताया कि मुखबिर के माध्यम से किच्छा पुलिस को सूचना मिली थी कि निकटवर्ती ग्राम कलकत्ता फार्म, सूर्य नगर निवासी कुलदीप सिंह पुत्र मलूक सिंह द्वारा अपने घर में अफीम की खेती की गई है। उन्होंने बताया कि सूचना के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम ने आरोपी कुलदीप सिंह के घर में औचक छापा मार अवैध रूप से उगाई गई अफीम की फसल को काटकर कब्जे में ले लिया।

एसपी सिटी मनोज कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आरोपी द्वारा हर साल अपने घर में अवैध रूप से अफीम की खेती कर तीन-चार किलो अफीम पैदा की जाती है। बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी के घर से करीब 9 किलो 300 ग्राम अफीम के हरे पौधे बरामद  करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में सीओ ओम प्रकाश शर्मा सहित प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, वरिष्ठ उप निरीक्षक सुनील सुतेडी, कांस्टेबल त्रिलोक पांडे, संजय जलाल, नितिन रौतेला, उमेद सिंह, पूरन गिरी आदि शामिल रहे। 

संबंधित समाचार