रुद्रपुर: साड़ी शोरूम में चोरी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। सात जुलाई को सिविल लाइन स्थित प्रतिष्ठित कारोबारी बंसल साड़ी शोरूम में लाखों की चोरी का पर्दाफाश कर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी सहित कुछ दस्तवेज भी बरामद किए हैं। बाकी रुपये आरोपी खर्च कर चुके हैं।
मंगलवार को खुलासा करते हुए एसपी क्राइम एवं आईपीएस प्रशिक्षु चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि सात जुलाई को सिविल लाइन स्थित कारोबारी रजत बंसल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि देर रात को शोरूम की छत का जाल काटकर चोर रुपये, पांच हजार का डीवीआर सहित कुछ जरूरी दस्तावेज सहित चेक चुरा ले गए थे।
पुलिस ने मौके से सीसीटीवी में कैद कुछ संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी, 23 जनवरी की शाम को खबर मिली कि नैनीताल हाईवे पर कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। जिस पर कार्रवाई करते हुए कोतवाल विक्रम राठौर सहित एसओजी की संयुक्त टीम ने राजेश हल्दार निवासी श्रृंगार वट बांके बिहारी वृंदावन और श्याम सुंदर सैनी आशानगर जयसिंहपुरा गोविंदनगर मथुरा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए दोनों ही आरोपी अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और इन पर यूपी के कई थानों में 20-20 से अधिक चोरी के मुकदमें दर्ज हैं। बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने 30 हजार रुपये, दो चाकू, दो चेक व कागजात बरामद किए हैं।
