हल्द्वानी: गरीब की शिकायत पर बिफरा सिपाही, दरोगा ने महिला जनप्रतिनिधि को हड़काया
हल्द्वानी, अमृत विचार। गरीब की शिकायत पर सिपाही बिफर गया और उसे खरी-खोटी सुना डाली। मामले में प्रधान संगठन की अध्यक्षा ने हस्तक्षेप किया तो चौकी इंचार्ज उन पर उल्टा भड़क गया और बदसलूकी की। नाराज अध्यक्षा पुलिस से तहरीर वापस ले आईं और इस मामले की मौखिक शिकायत एसएसपी से की।
दुमका बंगर बच्चीधर्मा हल्दूचौड़ निवासी रुकमणी नेगी प्रधान संगठन की अध्यक्ष हैं। रुकमणी ने बताया कि उन्हीं के इलाके में रहने वाले राजमिस्त्री संजू सिंह की बीती 22 जनवरी को साइकिल चोरी हो गई थी। संजू ने रुकमणी को बताया और दोनों हल्दूचौड़ चौकी पहुंच गए। तहरीर देने के बाद एक सिपाही संजू के घर पहुंचा।
आरोप है कि सिपाही ने चोरी की जांच करने के बजाय गरीब राजमिस्त्री से यह कहने लगा कि तुमने घर के बाहर सीसीटीवी क्यों नहीं लगाया। संजू ने पास लगे सीसीटीवी से फुटेज निकाले तो सिपाही ने इस पर भी हड़का दिया और कहाकि चोरी की तहरीर क्यों दी। जिसके बाद संचू ने पूरा मामला रुकमणी को बताया। रु
कमणी, संजू और संगठन के पदाधिकारियों के साथ हल्दूचौड़ चौकी पहुंची, लेकिन चौकी में उनके साथ ही बदसलूकी कर दी। रुकमणी ने हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी त्रिभुवन कुमार पर बदसलूकी का आरोप लगाया। जिसके बाद वह चौकी में दी तहरीर भी वापस ले आईं और बुधवार को वह पदाधिकारियों के साथ एसएसपी पंकज भट्ट से मिलने पहुंची। एसएसपी ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया है।
