सिद्धारमैया के लिए अब भी खुला है वरुणा निर्वाचन क्षेत्रः यतींद्र रामैया
बेंगलुरू। कांग्रेस नेता एवं विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता सिद्दारामैया के पुत्र यतींद्र रामैया ने कहा है कि उनका निर्वाचन क्षेत्र वरुणा आगामी विधानसभा चुनाव में उनके पिता के चुनाव लड़ने के लिए अब भी खुला है। यतींद्र का यह बयान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस नेता सिद्दारामैया कोलार से नहीं, बल्कि पुराने मैसुरु क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि सिद्दारामैया कोलार से चुनाव लड़ने का नाटक कर रहे हैं। उन्होंने वरुणा निर्वाचन क्षेत्र की ओर इशारा करते हुए कहा कि सिद्दारामैया पुराने मैसुरु क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा, "वह राजनीतिक सर्कस और नाटक कर रहे हैं। मेरे अनुसार, वह वहां (कोलार) से चुनाव नहीं लड़ेंगे और मैसुरु वापस जाने की कोशिश कर सकते हैं, अगर ऐसा होता है, तो हम नई रणनीति बनाएंगे।"
यतींद्र का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ संगठन श्री सिद्दारामैया पर आरोप लगाने वाले पर्चे बांट रहे हैं। उन्होंने कहा, "क्या इसकी जांच कराई जाएगी? चामराजपेट ईदगाह मैदान विवाद के दौरान कांग्रेस विधायक को निशाना बनाने वाले इस तरह के पर्चे बांटे जा रहे थे।"
वहीं, एक सवाल के जवाब में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खांद्रे ने कहा कि श्री सिद्दारामैया कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं। वह जहां से भी लड़ेंगे, उसके आसपास के जिलों में कांग्रेस को फायदा मिलेगा। उधर, कांग्रेस विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) प्रकाश राठौड़ ने कहा कि श्री सिद्दारामैया को कई निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ने की पेशकश की गई है, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान द्वारा लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बिहार: नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान में पुलिस ने 162 IED किए बरामद
