संभल : छुट्टा पशु से बचाने में खंभे से टकराई कार, चालक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चन्दौसी से कार मामिक को छोड़कर गांव आटा जा रहा था यशवीर, संभल तिराहे पर हुआ हादसा, खंभा तोड़कर दिवार में भी टकराई कार

संभल/ चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के संभल तिराहा पर शुक्रवार देर रात छुट्टा पशु से बचाने में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया।
  
थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव आटा निवासी 30 वर्षीय यशवीर नगर के पसरट्टा बाजार निवासी सचिन मैदा वालों की कार चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। शुक्रवार सुबह यशवीर कार से मालिक के साथ मुरादाबाद गया था। वहां से देर रात लौटा और मालिक को घर छोड़कर करीब एक बजे कार से गांव जा रहा था। जैसे ही मौलागढ संभल तिराहा के पास पहुंचा तो अचानक कार के सामने छुट्टा पशु आ गया। 

पशु से बचाने के प्रयास में  कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार खंभा तोड़कर सड़क किनारे दीवार में जा टकराई, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और यशवीर ने मौके पर दम तोड़ दिया। दुर्घटना की जानकारी होने पर कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस कार को कोतवाली ले आई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। अचानक कार चालक की मौत से पत्नी व परिजनों को रो रोकर बुरा हाल है।

बच्चों के सिर से उठा पिता साया
चन्दौसी। पोस्टमार्टम के बाद शव जब घर पहुंचा तो मृतक की पत्नी अपनी चार माह की बच्ची के साथ रो-रोकर बेहोश हो गई। पत्नी बस एक ही बात कह रही थी कि उसके बेटे व बच्ची का पालन पोषण कौन करेगा। चालक की मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

ये भी पढ़ें:- संभल: नोटिस लेने पहुंचे सिपाही से मारपीट, निवर्तमान सभासद गिरफ्तार

संबंधित समाचार