खटीमा: सुरई रेंज के जंगल में घास काटने गए युवक को बाघ ने बनाया निवाला, दहशत

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

खटीमा, अमृत विचार। उप प्रभाग के सुरई वन रेंज में बाघ के हमलावर होने से दहशत व्याप्त हैं। शनिवार को जंगल में घास काटने गए युवकों पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ एक युवक को घसीटते हुए ले गया। जब तक अन्य लोग आते तब तक बाघ युवक को मार कर उसके एक हाथ को निवाला बना चुका था।

वन कर्मियों को बाघ से शव को छुड़ाने के लिए कई राउंड फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान मौके पर सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। वन विभाग के अधिकारियों शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग के अनुसार ग्राम हल्दी निवासी केवल सिंह (35) पुत्र अमर सिंह शनिवार की सुबह अपने तीन अन्य साथियों के साथ सुरई रेंज के जंगल में घास काटने गया था।

इस बीच दोपहर करीब 12 बजे अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। इससे साथी युवकों में कोहराम मच गया और घबरा गए। बाघ केवल सिंह को घसीटते हुए कंपार्ट संख्या 47 की ओर ले गया। साथियों ने इसकी सूचना परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। जब तक लोग मौके पर पहुंचे तब तक बाघ युवक दम तोड़ चुका था और बाघ उसके एक हाथ को निवाला बना चुका था। युवक की गर्दन में भी घाव मिले हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में भी हड़कंप मच गया। उप प्रभागीय वन अधिकारी संतोष कुमार पंत भारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवक का क्षत विक्षत शव सुरई रेंज के कंपाट संख्या 47 से बरामद किया। विभागीय टीम ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर, मृतक के घर ग्राम हल्दी में कोहराम मच गया। मृतक केवल सिंह के परिवार में पत्नी सुखजिंदर कौर, 13 वर्षीय पुत्री नवनीत कौर, 4 वर्षीय पुत्र सतनाम सिंह है। इस मौके पर सुरई रेंजर राजेंद्र सिंह मनराल, डिप्टी रेंजर सुखदेव सिंह मुनि, डिप्टी रेंजर सतीश रेखाड़ी, डिप्टी रेंजर हरीश राम आर्य, वन बीट अधिकारी मुकेश कुमार, वन बीट अधिकारी राहुल, हल्दी घेरा ग्राम प्रधान पति गुरप्रीत सिंह खिंडा आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार