शाहजहांपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बोलेरो सवार दंपति की मौत, छह घायल

शाहजहांपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बोलेरो सवार दंपति की मौत, छह घायल

खुटार, अमृत विचार। पूरनपुर हाईवे पर शनिवार रात लौहंगापुर जंगल में अज्ञात वाहन ने बोलेरो में टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो में सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। बोलेरो में सवार सभी लोग जनपद पीलीभीत के रहने वाले है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: युवकों को डंडों से बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद हुई वारदात

बोलेरो मृतक का साला चला रहा था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से खुटार अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

जनपद पीलीभीत के थाना न्यूरिया के गांव बरी निवासी कमल कुमार ने पुलिस को बताया कि 28 जनवरी को पिता वेदप्रकाश (52) अपनी पत्नी शकुंतला देवी (50) के साथ दवा लेने अयोध्या जा रहे थे। बोलेरो गाड़ी में पिता, मां और थाना अमरिया के गांव हासपुर निवासी पिता के साले राम सिंह (45), अनीता देवी (42) पत्नी रामसिंह, पुत्र आर्यन (15), अशोक कुमार (40), सरिता देवी (38) पत्नी अशोक कुमार, आनंद स्वरूप सवार थे। बोलेरो को राम सिंह चला रहे थे।

शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे खुटार-पूरनपुर हाईवे पर लौहंगापुर जंगल में अज्ञात वाहन ने बोलेरो में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बोलेरो क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना होने पर चीख पुकार मच गई। जानकारी पाकर लोग मौके पर पहुंच गए और बोलेरो में फंसे घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

हादसे के दौरान पिता वेदप्रकाश, मां शकुंतला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से खुटार सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने घायलों की हालात नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही रात को परिजन अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद घायलों को जनपद पीलीभीत के निजी अस्पताल लेकर चले गए। जहां उनका इलाज चल रहा है। रविवार को पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। उधर, कमल कुमार ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्राली और बोलेरो की हुई थी टक्कर
खुटार। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुटार पूरनपुर हाइवे पर लौहंगापुर जंगल में शनिवार रात को गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली और बोलेरो गाड़ी की टक्कर हुई थी। हादसे में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई और छह लोग गंभीर घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस पहुंची थी। हालांकि परिजनों ने अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी है।

जरा ही देर में माता पिता की चली गई जान
कमल कुमार ने बताया कि मां शकुंतला देवी बीमार चल रही थी। शनिवार रात को पिता वेदप्रकाश अपनी बोलेरो में बैठकर साले और उनकी पत्नियों के साथ मां की दवा लेने अयोध्या जा रहे थे। परिजनों ने पूड़ी सब्जी रास्ते में खाने के लिए बांध दी थी। घर से हंसते हुए सभी लोग निकले थे। लेकिन कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि हादसे में पिता और मां की मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मच गया।

तेज कोहरा के चलते हुआ हादसा
शनिवार रात को कोहरा छाया हुआ था। अधिक कोहरा पड़ने से नजदीक का भी कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा था। वाहन धीमी गति से लोग चला रहे थे। लेकिन लौहंगापुर जंगल में अज्ञात वाहन और बोलेरो की टक्कर हो गई। जिसमें दंपति की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। लोगों का कहना था कि कोहरा के चलते यह हादसा हुआ है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है---ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष खुटार।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, राज मिस्त्री की मौत