तीन मामले भेज रहा हूं… सेवा कर देना और सुनो हमको भी नजराना चाहिए, दरोगा साहब का ऑडियो वायरल
कानपुर में दरोगा का ऑडियो वायरल।
कानपुर में दरोगा का ऑडियो वायरल होने के बाद डीसीपी ने निलंबित कर दिया। डीसीपी दक्षिण प्रमोद कुमार ने जांच कर दरोगा को निलंबित कर दिया।
कानपुर, अमृत विचार। हां भईया..कहां पर हो..ऐसा है न कि तीनों मामलों को भेज रहा हूं। अब आप को एक काम करना है, कि जाकर ब्रजेश का सेवा पानी कर देना। आज ही जाकर मिल लो। अलग हट के बुला लेना और सफेद कागज में उसकी सेवा कर देना। क्योंकि वहां कैमरा लगे हुए हैं….इसके बाद हमऊं से मिल लेयो थोड़ा, अब सब आपे का काम हुई रहा है, नजराना हमको भी चाहिए।
वसूली का यह ऑडियो थाना गुजैनी में तैनात उप निरीक्षक राजेश बाजपेई का है। सोशल मीडिया में ऑडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिसके बाद डीसीपी दक्षिण प्रमोद कुमार ने जांच करते हुए तत्काल प्रभाव से दरोगा को निलंबित कर दिया।
बर्रा 8 डी ब्लॉक निवासी रामानंद शर्मा ने डीसीपी को बताया कि गुजैनी चौकी इंचार्ज राजेश बाजपेई ने पूर्व में उनके बच्चों को फर्जी मुकदमें में फंसा दिया था। जिसकी शिकायत उन्होंने डीसीपी दक्षिण और गुजैनी थाना प्रभारी से की थी। पीड़ित ने बताया कि जांच के बाद अधिकारियों ने इस मामले को उप निरीक्षक से स्पंज करने के निर्देश दिए थे। लेकिन दरोगा उनसे लगातार धीरे-धीरे वसूली करते रहे। आरोप है कि दरोगा उनसे अब तक कुल 70 हजार रुपये ले चुके हैं। आरोप लगाया कि सीओ व कोर्ट के पेशकार के नाम पर वह उनसे धीरे-धीरे रकम वसूलते रहे।
हाल ही में उन्होंने बर्रा थाने में बुलाकर चार हजार रुपये ले लिए। इसके बाद से वह बराबर बेटों के ऊपर लगे मामलों को खत्म करने के लिए रुपयों की मांग कर रहे थे। बताया कि घटनास्थल से शपथ पत्र व सीसीटीवी फुटैज ले जो हटा दिए गए। मामलों में एफआर लगाने के वसूली करते रहे, आरोप है फर्जी चार्जशीट लगा दी। इस मामले में सोशल मीडिया में वसूली के ऑडियो वायरल होते ही पुलिस की एक बार फिर से किरकिरी हो गई। पुलिस कमिश्नर ने इस प्रकरण में नाराजगी जाहिर की है।
थाना गुजैनी में तैनात उप निरीक्षक राजेश बाजपेई के वायरल ऑडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर दरोगा को निलंबित कर दिया गया है। इसके जांच एसीपी बाबूपुरवा संतोष सिंह को दी गई है।– प्रमोद कुमार, डीसीपी दक्षिण
