हरदोई: आंखों में मिर्च झोंककर महिला से बदमाशों ने की लूट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस पिकेट से कुछ ही दूरी पर दिनदहाड़े हुई वारदात से दहशत

हरदोई/ पाली, अमृत विचार। पहले चैन स्नैचिंग और उसके बाद आंखों में मिर्च झोंककर कर कानों  के कुंडल लूट से हर एक में दहशत है।बुग्गी पर सवार महिला के साथ बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे कर पुलिस के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा।

बताया गया है कि पाली थाने के रत्नापुर निवासी अनिल की पत्नी सुनीता देवी सोमवार को बुग्गी पर सवार हो कर पाली जा रही थी। इसी बीच पाली-नकटौरा रोड पर निज़ामपुर पुलिया से कुछ पहले बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश उसके पास से निकले और सुनीता की आंखों में मिर्च झोंककर उसके कानों से कुंडल लूट कर नकटौरा की तरफ भाग निकले। सुनीता ने बताया कि उसे पता ही नहीं चला और बदमाश इतनी फुर्ती से वारदात को अंजाम दे कर भाग गए। लोगों का कहना है कि निज़ामपुर पुलिया पर पुलिस की पिकेट तैनात रहती है। उससे कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने आंखों से सुर्मा चुराने जैसी हरकत को अंजाम दे डाला। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। 

बताते चलें कि शनिवार को शहर में आवास विकास कालोनी की मोड़ पर बैंक कैशियर की पत्नी के साथ चैन स्नैचिंग हुई थी। पुलिस उसका खुलासा करती कि उससे पहले लूट की दूसरी वारदात ने उसके लिए और परेशानी खड़ी कर दी है। इस तरह चैन स्नैचिंग और उसके बाद लूट की वारदात ने लोगों में हड़कंप मचा दिया है।


ये भी पढ़ें - हरदोई: ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि पर वरिष्ठ सहायक ने तमंचा दिखाकर धमकी देने का लगाया आरोप

संबंधित समाचार