अयोध्या: नाला खोदाई से रोज लग रहा हाईवे के सर्विस मार्ग पर जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुदौली/ अयोध्या, अमृत विचार। राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस रोड पर एक सप्ताह पहले नाला खोदा गया है। नाले का मलबा सर्विस लेन की सड़क पर डाल दिया गया। जिससे सड़क पर रोजाना जाम लगता है और राहगीर चोटिल हो रहे हैं। सर्वाधिक परेशान दुकानदार हैं। उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। दो निजी अस्पताल भी इस मार्ग पर संचालित हैं। मरीजों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

वहीं अधूरा नाला खोदे जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यह नाला भेलसर गांव से सरायपीर गांव तक है। इसकी लंबाई लगभग दो किमी है, लेकिन महज 300 मीटर ही नाला खुदाई किया गया। कुछ लोग कह रहे हैं कि एनएचएआई ने नाला खोदा , जबकि स्थानीय दुकानदार कह रहे हैं कि नगर पालिका की जेसीबी आई थी। हालांकि ईओ रणविजय सिंह नाला खोदाई से इंकार कर रहे हैं। अब सवाल उठता है कि आखिर नाले की खुदाई किसने की। होटल व्यवसाई दिनेश व महेश बताते हैं कि नाला खुदने से कई लोग चोटिल हो गए। एसडीएम स्वप्निल यादव को भी नाला खोदाई के बारे में पता नहीं है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें -कमिश्नर के सामने आवंटी दे रहे बयान, अलाया अपार्टमेंट हादसे की हो रही जांच  

संबंधित समाचार