मेरठ: BJP MLC के गांव में डकैती, परिवार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लाखों की लूट
मेरठ, अमृत विचार। मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के गांव इकड़ी में सोमवार देर रात आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने एक परिवार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी व आईजी ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर जानकारी ली।
ये भी पढ़ें- मेरठ : पुरानी रंजिश में होमगार्ड ने अपने तीन साथियों संग मिलकर युवक को उतारा मौत के घाट
गांव इकड़ी निवासी सतीशचंद त्यागी पुत्र परमानंद सोमवार देर रात परिवार के साथ सोए थे। रात में बदमाशों ने परिवार को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर लाखों की नकदी व जेवरात लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश परिवार को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। मंगलवार सुबह मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। वहीं, जानकारी मिलने पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। कुछ देर बाद आईजी जोन प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
तीन माह पहले भी किया था प्रयास
भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज इकड़ी गांव के रहने वाले हैं। उनके गांव में डकैती की घटना होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एमएलसी भी पुलिस से मामले की जानकारी लेते रहे और जल्द खुलासे करने की पुलिस से बात कही। बताया गया कि तीन माह पहले भी बदमाशों ने डकैती का प्रयास इसी घर में किया था, लेकिन पुलिस ने मामले को हल्के में लिया।
ये भी पढ़ें- मेरठ : बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से हुआ घायल
