Up Global Investors Summit- 2023: अब तक 19 हजार करोड़ रुपये निवेश का हुआ प्रस्ताव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांधी सभागार में आयोजित निवेशक सम्मेलन में मिले 214 करोड़ के प्रस्ताव

अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश के अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने में जुटी सरकार की ओर से बुधवार को आयुक्त कार्यालय के गांधी सभागार में आयोजित निवेशक सम्मेलन में उद्यमियों ने 214 करोड़ की परियोजनाओं पर निवेश का प्रस्ताव दिया है। अब एमएसएमई क्षेत्र 527.20 करोड़, यूपीसीडा में 845 करोड़, पर्यटन में 6176.15 करोड़ तथा अयोध्या विकास प्राधिकरण में 4037 करोड़, कुल 19042.82 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव मिल चुका है। जिससे 44997 रोजगार का सृजन होगा। 

गौरतलब है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और अधिक गति देने के लिए शासन और औद्योगिक विकास विभाग की ओर से 10 से 12 फरवरी तक प्रदेश की राजधानी में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (वैश्विक निवेशक सम्मेलन) का आयोजन किया जा रहा है। वैश्विक निवेशक सम्मेलन के पूर्व बुधवार को गांधी सभागार में उद्यमियों का सम्मेलन कर उनको प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योजनाओं तथा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी गई। क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा केएन श्रीवास्तव एवं उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडेय ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं तथा सुविधाओं से निवेशकों को अवगत कराया। सहायक उप श्रमायुक्त आनंद सिंह ने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी तो विकास प्राधिकरण के नियोजक गोर्की कौशिक ने प्राधिकरण क्षेत्र में महायोजना की विस्तार से जानकारी दी। कहा कि भू उपयोग देखने तथा प्राधिकरण से संपर्क के बाद ही भूमि खरीद अथवा निवेश का निर्णय लें। कारोबार को बढ़ावा देने के लिए कई जगहों पर औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि चिह्नित की गई है। 

जिलाधिकारी नितीश कुमार ने कहा कि हर पखवाड़े वह प्रस्तावों की प्रगति तथा इसकी राह में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए उद्यमियों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने महायोजना के मुताबिक उद्योग स्थापना का सुझाव दिया तथा हर संभव प्रशासनिक सहयोग की बात कही। विधायक रामचंद्र यादव ने उद्यमियों से अयोध्या की गरिमा-महिमा को बढ़ाने की अपील की। इस अवसर पर एसीईओ यूपीसीडा स्मिता लाल, सीडीओ अनिता यादव, एसएसपी मुनिराज जी, संयुक्त निदेशक एचपी सिंह, जैग्री एसोसिएशन के अविनाश चंद्र दूबे, आरपी मिश्र, एसबी सिंह, धीरज राजपाल समेत अन्य उद्यमी मौजूद रहे। 


उत्तर से सर्वोत्तम की ओर अग्रसर प्रदेश में सहभागी बने उद्यमी : नंदी
निवेशक सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने कहा कि आज भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। देश की दूसरी सबसे बड़ी यूपी की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। मोदी-योगी सरकार में भय और दहशत का माहौल खत्म हुआ है। व्यापारी कारोबारी खुलकर बोल रहे हैं। माहौल में बदलाव के चलते देश ही नहीं विदेश के उद्यमी भी प्रदेश में निवेश को लालायित हैं। हजारों करोड़ के निवेश के प्रस्ताव मिल रहे हैं। सरकार ने औद्योगिक घरानों, विशेषज्ञों तथा अन्य से विचार-विमर्श कर नई औद्योगिक नीति जारी की है। अम्ब्रेला पॉलिसी के तहत 24 कारोबारी क्षेत्रों को लिया गया है। समस्याओं का समाधान कर नीति में जटिलता से सरलता लाई गई है। 

उन्होंने कहा कि उत्तम प्रदेश बन चुका यूपी अब सर्वोत्तम की ओर अग्रसर है। पीएम मोदी के लोकल फॉर वोकल को चरितार्थ करने तथा प्रदेश को सर्वोत्तम बनाने के लिए उद्यमी आगे आएं। सरकार सभी के संरक्षण और संवर्धन के लिए कटिबद्ध है। मंत्री ने उदाहरण के बहाने अधिकारियों, कर्मचारियों को ईमानदारी से काम करने तथा उद्यमियों को नीति व कानून के आधार पर कारोबार की हिदायत दी। 


यह करेंगे बड़ा निवेश 
यश पैका लिमिटेड की ओर से जागृत अभियान के तहत 550 करोड़ का निवेश होगा। कंपनी के गौतम घोष व सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि कोटिंग मशीन और 100 मेगावाट का पावर प्लांट लगेगा। सुमित जायसवाल ने बताया कि हाईफ्लो प्रोडक्ट्स लीथियम आयरन बैट्री निर्माण में 100 करोड़ का निवेश करेगा। अजय झुनझुनवाला ने जेआर एग्रो इंडिया प्रा. लि. के तहत वेजिटेबुल ऑयल राइस तथा पराली बेस्ड पावर प्लांट में 50 करोड़, अयोध्या डेवलपर्स प्रा. लि. के राघवेंद्र शुक्ल ने इंडस्ट्रीयल पार्क में 100 करोड़, राजस्थान मिनिरल ग्रुप के ओपी गुप्त ने होटल रिसार्ट में 20 करोड़ के निवेश की बात कही। आईआईए के अध्यक्ष एसपी सिंह ने मेंटिनेंस चार्ज में बढ़ोत्तरी को वापस ले इसे 12 रुपये प्रति मीटर करने, लघु उद्योग भारती के अविनाश चंद्रा ने गीडा की तरह यहां अथॉरिटी व उद्योग बंधु के निर्णय को बाध्यकारी बनाने की मांग की। यूको बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक ने वित्तीय पहलू पर प्रकाश डाला।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: दो कारों में आमने-सामने भिड़ंत में दो लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

संबंधित समाचार