रायबरेली: व्यापारी ने पुलिस कर्मियों पर लगाया कोतवाली में पीटने का आरोप, हालत गंभीर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बछरावां/ रायबरेली, अमृत विचार। बाइक चालान करने का कारण जानने कोतवाली गए कस्बे के एक प्रमुख व्यवसाई को पुलिसकर्मियों ने जमकर पीटा है। व्यापारी का आरोप है कि करीब आधा घंटे तक उसे  घेरकर पुलिसकर्मियों ने इतनी पिटाई की कि वो अचेत हो गया। गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।

यह घटना गुरुवार को दोपहर हुई है। कस्बे के प्रतिष्ठित व्यवसाई संजय त्रिवेदी का जिला परिषद मार्केट के पास प्रतिष्ठान है। तीन दिन पूर्व उनकी बाइक का पुलिस कर्मियों ने चालान कर दिया था। जिस के संबंध में जानकारी करने गुरुवार की दोपहर वह कोतवाली गए थे। बताया जाता है कि कोतवाली में मौजूद अधिकारियों से वाहन चालान का कारण जानने को लेकर उनकी बहस होने लगी। उसके बाद करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी एकत्र हो गए और पुलिसकर्मियों ने घेर कर उनकी पिटाई शुरू कर दी। 

बताया जाता है कि करीब आधे घंटे तक कोतवाली परिसर में तांडव होता रहा। पुलिसकर्मी व्यापारी को घेरकर पीटते रहे। इस मारपीट में व्यापारी गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। व्यापारी के अचेत होने के बाद पुलिसकर्मी उसको लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उसकी गंभीर दशा को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। 

व्यापारी के साथ कोतवाली परिसर में हुई मारपीट के गवाह नगर के सैकड़ों लोग हैं। बड़ी संख्या में लोग कोतवाली गेट के बाहर एकत्र होकर इस मारपीट का नजारा देखते रहे। लेकिन कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि व्यापारी के साथ मारपीट नहीं की गई है। वह कोतवाली परिसर में अचेत हो गया था।

ये भी पढ़ें -गोरखपुर में CM योगी ने जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं, दिए निर्देश

संबंधित समाचार