BBC वृत्तचित्र दिखाने की योजना पर, लिया गया बीआरएस की छात्र शाखा के सदस्यों को हिरासत में
हैदराबाद। तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की छात्र शाखा के सदस्यों को यहां उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर में ‘‘बिना अनुमति’’ के 2002 के गुजरात दंगों पर आधारित विवादास्पद बीबीसी वृत्तचित्र दिखाने की योजना बनाने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया।
ये भी पढ़ें - राजस्थान के CM गहलोत 10 फरवरी को पेश करेंगे बजट
पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि छात्र संगठन के उन छह सदस्यों को हिरासत में लिया गया और बाद में छोड़ दिया गया, जो बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में आर्ट्स कॉलेज के सामने एकत्र हुए और ‘‘बिना अनुमति’’ के वृत्तचित्र दिखाने की योजना बनाई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने वृत्तचित्र नहीं दिखाया।
वे (ऐसा करने की) योजना बना रहे थे... क्योंकि उनके पास (वृत्तचित्र दिखाने की) अनुमति नहीं थी, इसलिए उन्हें तुरंत एहतियाती हिरासत में ले लिया गया।’’ केंद्र सरकार ने हाल में सोशल मीडिया मंच ट्विटर और यूट्यूब को बीबीसी के वृत्तचित्र ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ को प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया था। विदेश मंत्रालय ने इसे ‘दुष्प्रचार सामग्री’ करार देते हुए कहा था कि इसमें निष्पक्षता की कमी है और औपनिवेशिक मानसिकता झलकती है।
ये भी पढ़ें - बच्चों के कल्याण के लिए बजटीय आवंटन में कटौती चिंताजनक: बचपन बचाओ आंदोलन
