मुरादाबाद : लिखने के अभ्यास से होगा समय और ज्ञान का आंकलन, विषयवार विद्यार्थियों को दिया गुरुमंत्र
बोर्ड परीक्षा : परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने को लेकर विद्यार्थियों के मन में उठे सवालों का किया समाधान
अमृत विचार ने एसएस इंटर कॉलेज में कराया परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन
मुरादाबाद, अमृत विचार। बोर्ड परीक्षा में मात्र 12 दिन शेष हैं। विद्यार्थी परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हालांकि परीक्षा में समय का उपयोग, प्रश्नों के हल व लिखने का सही तरीका आदि सवाल विद्यार्थियों के मन को कौंध रहे हैं। वहीं, विज्ञान व गणित के सवालों में फार्मूलों के सही उपयोग को लेकर असमंजस बरकरार है। कई विद्यार्थी इस बात से परेशान हैं कि वह याद तो कर रहे हैं, लेकिन भूल जाते हैं।
ऐसे ही तमाम सवालों के समाधान के लिए अमृत विचार टीम की ओर से परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन एसएस इंटर कॉलेज में हुआ। इसमें विषयवार प्रवक्ताओं दुष्यंत कुमार, सुमनलता, जोगेंद्र पाल सिंह, पवन कुमार, रोहित कुमार गौड़ ने परीक्षा की तैयारी व प्रश्नपत्र से संबंधित सवालों के जवाब दिए । वहीं प्रधानाचार्य रवि कुमार ने कहा कि याद करके लिखने के अभ्यास से समय और ज्ञान दोनों का आंकलन होगा। साथ ही इससे परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
सवाल: न्यूमेरिकल का हल कैसे निकाले ? प्रखर, कक्षा-10
जवाब: चैप्टर वाइज तैयारी करें। इससे कौन-कौन से पाठ से न्यूमेरिकल आया है। समझने में आसानी होगी और हल निकाल पाओगे। बीते सालों के प्रश्नपत्रों को हल करें। इससे काफी सहायता मिलेगी।
सवाल: हिन्दी और अंग्रेजी की परीक्षा में समय का उपयोग कैसे करें ? अंकुर, कक्षा-10
जवाब: सवालों के जवाब में कहानी लिखने से बचे। टू द प्वांइट जवाब लिखें और सबसे ज्यादा जरूरी है कि जो आता है उसे पहले लिखें। बड़े प्रश्नों का उत्तर एक से डेढ़ पेज में लिखे। कॉपी भरने से बचेंगे तो समय खुद-ब-खुद बचेगा।
सवाल: डायग्राम बनाते समय अगर नाम न लिखे तो नंबर मिलेंगे ? सोल्टी, कक्षा-12
जवाब: डायग्राम देखकर उसे समझें। आउट लाइन करके याद करें। नाम को याद करने का आसान तरीका है कि उन्हें अपनी प्रिय वस्तुओं से जोड़कर याद करें। इससे भूलने की गुंजाइश नहीं रहेगी। बायोलॉजी में डायग्राम में नाम का डिफाइन करना बेहद जरूरी है।
सवाल: रसायन विज्ञान में रिएक्शन में परेशानी होती है ? रितिक, कक्षा-12
जवाब: रसायन विज्ञान में फार्मूले अधिक होते हैं। ऐसे में कठिन लगने वाले फार्मूले का एक चार्ट बना लें। चार्ट के माध्यम से फार्मूला दोहराएं। रिएक्शन से जांचकर्ता पर अच्छा प्रभाव पड़ता है और अंक भी पूरे मिलते है।
सवाल: रिएक्शन को संतुलित कैसे करें ? कृष्णा मिश्रा, कक्षा-12
जवाब: रिएक्शन बोलती हुई होनी चाहिए। ताकि जांचकर्ता को आसानी से समझ में आ सकें। कई बार विद्यार्थी जवाब आते हुए भी उसमें उलझ जाता है इससे बचने के लिए प्रैक्टिस बेहद जरूरी है।
सवाल: गणित के सवाल को बीच में छोड़ने पर अंक मिलेंगे ? ध्रुव, कक्षा- 12
जवाब: यदि हल करते हुए जवाब सही नहीं आ रहा है तो इसके लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। जांचकर्ता जहां तक हल सही होगा उसका नंबर जरूर देगा। गणित विषय कठिन नहीं है। बस फार्मूले को अच्छे से याद कर लें।
सवाल: इंटीग्रेशन में लंबे सवाल का जवाब कैसे दें ? निशांत, कक्षा-12
जवाब: इसमें अगर प्रॉपर्टी का फार्मूला उपयोग कर रहें है तो चरणबद्ध तरीके से कोष्ठक बनाकर लिखें। इससे अंक भी अच्छे मिलेंगे और सवाल भी सटीक निकलेगा।
ये भी पढ़ें : बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक एमएलसी चुनाव : BJP के जयपाल सिंह ने की जीत दर्ज, सपा प्रत्याशी को हराया
-जूही दास
