Kanpur News : घाटमपुर पावर प्लांट में एक साथ शुरू होंगी दोनों यूनिटें, 1300 मेगावॉट होगा बिजली उत्पादन
Kanpur News कानपुर के घाटमपुर पावर प्लांट में दोनों यूनिटें शुरू होंगी।
Kanpur News कानपुर के घाटमपुर पावर प्लांट में एक साथ दोनों यूनिटें शुरू होंगी। एक यूनिट का लाइटअप टेस्ट हो चुका है, दूसरे की तैयारी। दोनों यूनिटों में 1320 मेगवॉट बिजली का उत्पादन होगा।
कानपुर, अमृत विचार। घाटमपुर पावर प्लांट की दूसरी यूनिट भी लगभग बनकर तैयार हो गई है। इस यूनिट में भी लाइटअप टेस्ट ( पानी गर्म कर भांप बनाने की प्रक्रिया) कराने की तैयारी है। ताकि पता चल सके कि ब्वायलर पूरी तरह से सुरक्षित है और उसमें कहीं कोई लीकेज नहीं है। पहली यूनिट में टेस्ट की प्रक्रिया पिछले साल ही हो गई थी। दूसरी यूनिट में टेस्टिंग के बाद एक साथ दोनों यूनिटों में बिजली का उत्पादन शुरू करने की तैयारी नेयवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड (एनयूपीपीएल) की ओर से की जा रही है। तब तक प्लांट तक रेलवे साइडिंग का काम भी हो जाएगा और परीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी।
घाटमपुर में 660-660 मेगावॉट की तीन यूनिटें बनाई जा रही हैं। इस तरह यहां 1980 मेगावाट बिजली का उत्पादन होना है। बाद में एक यूनिट और बनाकर बिजली उत्पादन की क्षमता को यहां बढ़ाया जाएगा। फिलहाल पहली यूनिट पूरी तरह से बन गई है, दूसरी यूनिट में जो थोड़ा बहुत काम बाकी है वह भी एक दो माह में पूरा हो जाएगा। रही बात तीसरी यूनिट की तो उसका भी काम चल रहा है। पावर प्लांट का निर्माण एलएंडटी, जीई पावर और बीजीआर एनर्जी सिस्टम्स लिमिटेड कर रही हैं।
इसमें एलएंडटी बायलर का, जीई पावर टरबाइन का और बाकी का सारा काम बीजीआर करा रही है। बिजली उत्पादन से पहले बॉयलर लाइटअप टेस्ट के बाद स्टीम ब्लोइंग टेस्ट किया जाता है। इस दौरान, पावर प्लांट में भाप के प्रेशर की आवाज 10 किलोमीटर के दायरे में सुनाई देती है। स्टीम ब्लोइंग टेस्ट के दौरान भाप का प्रेशर (दबाव) और बायलर की जांच की जाती। ये प्रक्रिया जल्द ही पूरी होने के बाद ही उत्पादन शुरू होगा।
इसकी तैयारी की जा रही है। बिजली उत्पादन शुरू होने के तीसरी यूनिट भी छह महीने बाद शुरू होगी। उम्मीद की जा रही है कि दिसंबर से दोनों यूनिटों में उत्पादन शुरू हो जाएगा। यहां बनने वाली बिजली का 60 फीसद अंश उत्तर प्रदेश को मिलेगा। इससे सूबे में बिजली संकट को दूर करने में बड़ी मदद मिलेगी। यूं कहें तो गर्मी के समय बिजली की कटौती से भी कुछ हद तक निजात मिलेगी। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक पनकी पावर प्लांट भी बन कर तैयार हो जाएगा। यहां भी 660 मेगावॉट बिजली उत्पादन होगा। उत्पादन का काम जनवरी 2024 में शुरू होने की उम्मीद है।
