लखनऊ : धुंध के साथ बढ़ेगी ठंड, गुरुवार से बदलेगा मौसम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उत्तर-मध्य यूपी में न्यूनतम तापमान में हो सकती है दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट

अमृत विचार, लखनऊ। पिछले तीन दिनों से लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 9 फरवरी ( गुरुवार ) से लखनऊ समेत आसपास के शहरों में मौसम का मिजाज करवट बदलेगा। ठंड में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान धुंध का असर शुरू हो सकता है।

आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मोहम्मद दानिश ने बताया कि हिमालयी क्षेत्रों में अगले तीन दिनों में दो पश्चिमी विक्षोभ हो सकते हैं। इसके कारण हिमालय के तराई क्षेत्रों, उत्तराखंड आदि में बारिश हो सकती है। अलबत्ता प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन अगले सप्ताह मौसम में आंशिक उलटफेर हो सकता है। अधिकतम तापमान तो यथावत रहेगा पर उत्तर-मध्य यूपी में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।

दिन में बढ़ी गर्मी, अधिकतम पारा 26.2 डिग्री पहुंचा : पिछले तीन दिनों से खिली धूप के कारण शहर में पारा लगातार उछाल मार रहा है। तापमान 25 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर चुका है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़त के साथ 26.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री की आंशिक बढ़त के साथ 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : एलडीए के खिलाफ फूटा गुस्सा, जलाया पुतला

संबंधित समाचार