मथुरा: शाही ईदगाह में कटिया डालकर जलाई जा रही थी बिजली, रिपोर्ट दर्ज
कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट की शिकायत के बाद विद्युत विभाग ने की कार्रवाई
मथुरा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के निर्देश पर विभाग द्वारा चलाये जा रहे केवाईसी अभियान का व्यापक असर दिखने लगा है। जहां एक ओर नए उपभोक्ताओं में बढ़ोतरी हो रही है, वहीं दूसरी ओर अवैध कनेक्शन धारकों पर भी जमकर कार्रवाई हो रही है।
ये भी पढ़ें - मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में दम घुटने से तीन श्रद्धालु बेहोश
मथुरा में केवाईसी अभियान के तहत शाही ईदगाह परिसर में उपखंड अधिकारी मसानी के नेतृत्व में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं विद्युत परिवर्तन दल, मथुरा ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसके तहत शाही ईदगाह परिसर में अवैध कनेक्शन से विद्युत का उपयोग पाया गया।
संयुक्त टीम में त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शन काट दिया और अवैध विद्युत प्रयोग के विरुद्ध विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत एंटी थेफ्ट में थाना कृष्णा नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, नियमानुसार राजस्व निर्धारण किया गया।
उसके उपरांत निर्धारित किए गए राजस्व का भुगतान शाही ईदगाह मस्जिद कमेटी के सचिव तवनीर अहमद से वसूला गया है। विद्युत विभाग ने यह कार्रवाई श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट की शिकायत के उपरांत की है।
ये भी पढ़ें - मथुरा: जीएलए के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
