लखनऊ : बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर विधवा से ठगे पांच लाख रुपये
विरोध करने पर जालसाज महिला ने की अभद्रता, प्राथमिकी दर्ज
अमृत विचार,लखनऊ। मानकनगर कोतवाली में एक विधवा ने अपनी परिचित महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है। आरोप है कि जालसाज महिला ने पीड़िता के बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर उससे पांच लाख रुपये ठग लिए हैं। महिला की हकीकत सामने आने पर पीड़िता उससे अपना रुपया मांगा, तो आरोपी, पीड़िता व उसके बेटे को धमकी देने लगी। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मानकनगर कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत स्पीलर ग्राउंड निवासिनी लक्ष्मी के मुताबिक, गत वर्ष उनके पति कृष्ण गोपाल की मौत हो गई थी। उसके बाद से वह सभी जिम्मेदारियों का निर्वाहन कर रही है। बताया कि उनकी जान पहचान सुचित्रा मिश्रा उर्फ बबली मिश्रा से थी। पीड़िता का आरोप है कि सुचित्रा ने उनके बेटे को सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर पांच लाख रुपये लिए थे। हालांकि पीड़िता ने देने से पहले एक स्टैंप पेपर पर लेन-देन का ब्यौरा दर्ज करवाया था।
बावजूद इसके पीड़िता के बेटे को नौकरी नहीं मिली। तब पीड़िता ने उससे रुपये वापस मांगे लेकिन वह आनकानी करने लगी। पीड़िता का आरोप है कि सुचित्रा मिश्र ने उसके घर से स्टैंप पेपर भी चुरा लिया। जब पीड़िता को इस हरकत का पता चला तो वह विरोध करने लगी। इसके बाद जालसाज महिला पीड़िता व उसके बेटे को धमकी देने के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल भी करने लगी। इस घटना के बाद पीड़िता ने मानकनगर कोतवाली में तहरीर देते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई है। मानकनगर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने जालसाज महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गहनता से जांच करने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी ।
यह भी पढ़ें : हरदोई : खेत में मिला किशोरी का शव, हत्या की आशंका
