बरेली: कोविड नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभा रहा कंट्रोल रूम
बरेली,अमृत विचार। कलेक्ट्रेट में जिस इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की जिलाधिकारी नितीश कुमार ने स्थापना कराई है। वह कोविड नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभा रहा है। कंट्रोल में तीन शिफ्टों में 30 कर्मचारी ड्यूटी दे रहे हैं। किसी रोगी को अस्पताल में भर्ती कराना है या उसके लिए एम्बुलेंस भिजवानी है। सब कुछ …
बरेली,अमृत विचार। कलेक्ट्रेट में जिस इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की जिलाधिकारी नितीश कुमार ने स्थापना कराई है। वह कोविड नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभा रहा है। कंट्रोल में तीन शिफ्टों में 30 कर्मचारी ड्यूटी दे रहे हैं। किसी रोगी को अस्पताल में भर्ती कराना है या उसके लिए एम्बुलेंस भिजवानी है। सब कुछ इसी कमांड सेंटर से नियंत्रित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कमांड सेंटर की कार्यप्रणाली की तारीफ कर चुके हैं।
जनपद में कोविड से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, सूचना और निर्देश के लिए इस कमांड सेंटर को अधिकृत किया गया है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि गाइडलाइंस के अनुसार क्लस्टर एवं कंटेनमेंट जोन के निर्धारण में देरी न की जाए। इसके साथ डीएम ने पांच मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया है। ताकि कोविड नियंत्रण के कार्यों में सजगता बनी रहे। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो सके।
कमांड सेंटर की देखरेख में 6,49,017 घरों का किया सर्वे
कोरोना से ग्रसित विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे तीन हजार से अधिक रोगियों की नियमित निगरानी की जा रही है। होम आइसोलेशन में रहने वाले 1510 से अधिक कोविड रोगियों का टेलीफोन द्वारा उनके उपचार का विवरण लिया गया। कमांड सेंटर की देखरेख में जनपद में अब तक करीब 6,49,017 घरों का सर्वे किया जा चुका है। डोर टू डोर सर्वे करने वाली 830 टीमें कार्यरत हैं। इनमें 560 ग्रमीण क्षेत्रों में और 270 शहरी क्षेत्रों में कार्य कर रही हैं।
जनपद में 47,973 लोगों का लिया जा चुका है सैंपल
जनपद में 47,973 लोगों का सैम्पल लिया जा चुका है। वर्तमान में करीब 159 हॉटस्पॉट/कंटेनमेंट ज़ोन हैं। करीब 30 क्लस्टर बनाए हैं। जिनमें 26 शहरी व चार ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। 8 अगस्त तक की बात करें तो बरेली में 3480 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। जिनके सापेक्ष 21,583 लोगों को कांटेक्ट ट्रेसिंग के अभियान के तहत ट्रेस किया जा चुका है।
कोविड से संबंधित जानकारी को यहां करें कॉल
कलेक्ट्रेट स्थित कोविड कंट्रोल रूम के चार नंबर जारी हैं। 24 घंटे में किसी भी समय 0581-2428914, 0581-2511021, 0581-2428188 और 0581-2511061 नंबरों पर संपर्क व्यक्ति कोविड से संबंधित अपनी परेशानी बता सकता है।
