हल्द्वानी: 12 करोड़ रुपये से होगा तरणताल का कायाकल्प

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। अगर आप तैराकी के शौकीन हैं और चाहते हैं कि शहर में रहकर आपको अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं वाला तरणताल मिल जाए तो जल्द ही आपकी हसरत पूरी हो सकती है। खेल विभाग सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित तरणताल को करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का  तरणताल बनाने की कवायद में जुटा हुआ है। सर्वेक्षण कार्य पूरा होते ही खेल विभाग शासन को डीपीआर सौंप देगा।
 

खेल विभाग की मंशा साकार हुई तो शहर के सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित तरणताल जल्द ही बदले रूप में नजर आएगा। विभाग करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से इस तरणताल को अंतरर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इससे तैराकी के शौकीनों और सीखने वालों को कई तरह की सुविधाएं मिल सकेंगी।

नई टाइल्स और आकर्षक लाइटें लगाने के साथ ही तरणताल के पानी के लिए फिल्टरेशन प्लांट की स्थापना की जाएगी। इसके लिए खेल विभाग की ओर से कार्यदायी संस्था पेयजल निर्माण निगम खेल इकाई देहरादून को तरणताल के जीर्णोद्धार का कार्य सौंपा जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी रशिका सिद्दीकी ने बताया कि तरणताल का निर्माण इंटरनेशल स्तर की सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा। तरणताल का कार्य पूरा होते ही इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। 

संबंधित समाचार