हल्द्वानीः नशा और ओवर स्पीड बन रही हादसों का बड़ा कारण- देखें आंकड़े 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार (पवन नेगी)। कुमाऊं में हर साल दर्जनों लोग सड़क हादसों में जान गवां देते हैं। इनमें से अधिकांश हादसे नशे में वाहन चलाने तथा ओवर स्पीड के कारण होते हैं। कुमाऊं में बीते चार साल में 1983 सड़क दुर्घटनाओं में 1174 लोगों की मौत हुईं साथ ही 1910 लोग घायल हुए। इनमें से 84 फीसदी यानी 1647 हादसे ओवर स्पीड या नशे में वाहन चलाने के कारण हुए।
 
कई बार यातायात नियमों की जानकारी न होने या उनकी अनदेखी करने के कारण भी सड़क हादसे होते हैं। इसके अलावा नाबालिगों के वाहन चलाने तथा रात में वाहन चलाने पर नींद की झपकी आ जाने से भी कई बार हादसे होते हैं। कुमाऊं में खास तौर पर पहाड़ की सर्पीली सड़कों पर दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण सड़कों का खस्ताहाल होना भी है। कुमाऊं के सबसे बड़े शहर हल्द्वानी की बात करें तो यहां रामपुर रोड, कालाढूंगी रोड तथा नैनीताल रोड में अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। इनमें रामपुर रोड में पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक घटनाएं हुईं हैं।
रामपुर रोड में टांडा जंगल के पास एस मोड़ को दुर्घटनाओं की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है, इस स्थान पर हर साल कई लोग हादसों में अपनी जान गंवा देते हैं। इसके अलावा पंचायत घर चौराहा, गन्ना सेंटर, टीपीनगर, देवलचौड़ चौराहे पर पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक दुर्घटनाएं हुई हैं। इसकी तस्दीक पुलिस विभाग में बीते चार साल में दर्ज आंकड़े कर रहे हैं।

नियमों की अनदेखी पड़ती है भारी

बीते माह पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। इस दौरान दोनों विभागों ने जागरूकता रैली निकालने के साथ ही वाहन विक्रेताओं से अपील की थी कि वो ग्राहकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने के प्रति जागरूक करें। साथ ही लोगों से तेज रफ्तार और नशे का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की अपील की थी। इसके बाद भी लोग यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं और परिणाम हादसों के रूप में सामने आते हैं।

नैनीताल और यूएसनगर में अधिक घटनाएं

कुमाऊं में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक दुर्घटनाएं हुईं। बीते चार साल में नैनीताल में 651 वाहन दुर्घटनाओं में 305 लोगों की मौत हुईं हैं जबकि 561 लोग घायल हुए हैं। वहीं,ऊधमसिंह नगर में 1082 मामलों में से 761 लोगों की मौत हुई, जबकि 837 लोग घायल हुए। 

कुमाऊं में बीते चार वर्षों मे हुई दुघर्टनाओं के आंकड़े

 

वर्ष            दुर्घटनाएं        मृतक        घायल      ओवर स्पीड व नशा
2019           567               341          521             312
2020           348               345          516             322
2021           472               271          357             439
2022           596               217          516             574
कुल-         1,983            1,174      1,910          1,647

नोट- यह आंकड़े पुलिस विभाग के मुताबिक हैं। 

संबंधित समाचार