उन्नाव में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद, खोद डाला किन्नरों का कब्रिस्तान, मचा बवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में खनन माफियाओं ने किन्नरों का कब्रिस्तान खोद डाला।

उन्नाव के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हो गए। खनन माफियाओं ने किन्नरों का कब्रिस्तान खोद डाला। इससे नाराज किन्नरों ने धरने पर बैठने के साथ पुलिस को मामले की सूचना दी।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस वे और हाइवे में बड़े पैमाने पर मिट्टी की मांग पूरी नहीं हो पा रही है। आलम यह है रात के अंधेरे में मिट्टी चोरी का खेल भी शुरू हो गया है। कहीं खेत तो कब्रिस्तान खनन माफियाओं के निशाने बन रहे हैं। बीती देर रात पुरवा कोतवाली क्षेत्र में उस समय बवाल मच गया जब तौरा गांव में चल रहे खनन स्थल पर किन्नरों का झुंड पहुंच गया। खनन स्थल को अपने पूर्वजों का कब्रिस्तान बताते हुए किन्नरों ने आधी रात में वहीं प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था जहां उनके पूर्वजों की कब्रें खनन माफियाओं ने खोद डाली।

कब्रिस्तान में छह से सात फीट के गड्ढे कर दिए। धरने पर बैठे किन्नरों ने मामले की सूचना अधिकारियों को दी। किन्नरों ने बताया कि खनन में लगे एक डंपर ने उन्हें कुचलने का भी प्रयास किया है जिसका वीडियो भी सामने आया है। इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि राजस्व विभाग से नापजोख कराने के बाद ही स्थिति साफ होगी। खनन विभाग से पता लगाया जाएगा कि खनन अनुमति से हो रहा था या अवैध। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इससे पूर्व माखी क्षेत्र में भी किसानों ने तीन फीट के परमिट पर सात सात फीट मिट्टी खोदे जाने का आरोप लगाया था।

संबंधित समाचार