नैनीताल: तीन मंजिला निर्माणाधीन भवन किया ध्वस्त
नैनीताल में प्राधिकरण की सबसे बड़ी कार्रवाई
नैनीताल, अमृत विचार। बीते कुछ समय से प्राधिकरण की टीम अलर्ट मोड पर है। हल्द्वानी के बाद अब नैनीताल में भी अवैध निर्माणों पर प्राधिकरण का डंडा चलना शुरू हो गया है। बुधवार को प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने अयारपाटा काशीपुर हाउस क्षेत्र में निर्माणाधीन तीन मंजिला भवन के ध्वस्तीकरण की कारवाही शुरू कर दी है।

प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय ने बताया कि प्राधिकरण ने तीन भवन स्वामियों के विरुद्ध कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की कारवाही की थी। साथ ही काशीपुर हाउस क्षेत्र में अवैध निर्माण करने पर सैयद सिद्दीकी, अशोक सिंह, केसी बाबा और दीपक सनवाल को बीते दिनों नोटिस दिया गया था। इसमें 15 दिन के भीतर स्वयं ही अतिक्रमण ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए थे। मगर नोटिस मिलने के बावजूद भवन स्वामी निर्माण कार्य कराते रहे।
