काशीपुरः तीन फैक्ट्रियों के केमिकल युक्त पानी के नमूने भरे 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। महुआखेड़ा गंज स्थित एक फैक्ट्री के पानी से गेहूं की फसल बर्बाद होने के मामले में एसडीएम के साथ पीसीबी की टीम पहुंची। इस दौरान टीम ने जांच कर कुल तीन फैक्ट्रियों से निकलने वाले पानी के सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। 

पैगा फार्म निवासी लखवीर सिंह उर्फ लखविंदर सिंह ने एसडीएम को पत्र देकर कहा था कि अपने खेत में गेहूं की फसल बोई हुई है, जिसके पूरब में सिंचाई विभाग की नहर जा रही है। किसानों ने आरोप लगाया था कि महुआखेड़ा गंज स्थित एक स्नेक्स बनाने वाली कंपनी की ओर से केमिकल युक्त पानी नहर में छोड़ा जा रहा है जिससे गेहूं की फसल नष्ट हो चुकी है। इसको लेकर मंगलवार को किसानों ने धरना प्रदर्शन कर विरोध प्रकट किया था। 

बुधवार को शिकायत पर एसडीएम अभय प्रताप सिंह, पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी नरेश गोस्वामी व राजस्व टीम ने महुआखेड़ा गंज क्षेत्र में तीन फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया। पीसीबी अधिकारी ने तीनों फैक्ट्रियों का जांच के लिए सैंपल उठाया। वहीं, एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने किसानों के साथ प्रभावित खेतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री संचालकों से इस क्षेत्र में ड्रेनेज नालियां बनाने का निर्देश दिया। 

एसडीएम से वार्ता के बाद किसानों ने धरना समाप्त करने का फैसला किया। वहीं, एसडीएम ने जल्द ही फिर से क्षेत्र का निरीक्षण कर निर्देशों का पालन करने की बात कही है। 

एसडीएम ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन व किसानों के बीच वार्ता की गई जिसमें पानी के ड्रेनेज के लिए नालियों के बनाए जाने को लेकर दोनों पक्षों में सहमति बन गई। नहर बंद होने के कारण पानी ओवरफ्लो होकर गेहूं के खेत में जमा हो गया है। पानी की निकासी नहीं होने से खेतों में फसल खराब हो रही थी जिसका रास्ता निकाल दिया गया है। 

उधर, पीसीबी के क्षेत्राधिकारी नरेश गोस्वामी ने बताया कि महुआखेड़ा गंज की पॉलिमर, अपेक्स इंटरनेशनल समेत तीन कंपनियों के जल निकासी का सैंपल लेकर जांच को भेजा है। श्री शानदार स्नैक्स कंपनी का प्लांट दो-तीन दिनों से बंद चल रहा है, इसलिए उसका सैंपल नहीं लिया गया है।

संबंधित समाचार