हल्द्वानी: गुंडे लेकर पहुंचा पूर्व पति, बीवी ने लिखाई रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। दहेज वापस मांगने से नाराज पूर्व पति ने बीवी के घर पर धावा बोल दिया। गुंडों के साथ पहुंचे आरोपी ने पत्नी और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़िता ने आरोपी व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कराया है। 
   

सीओ सिटी को दी शिकायत में राजपुरा राजेंद्रनगर वार्ड 13 निवासी मीनाक्षी ने कहा, वर्ष 2017 में उसकी शादी काशीपुर ऊधमसिंहनगर निवासी विशाल पुत्र संजय के साथ हुई थी। संजय वर्तमान में बकरा मार्केट राजपुरा में रहता है। आरोप है कि शराबी पति ने चार साल पहले उसे गर्भावस्था के दौरान मारपीट कर घर से निकाल दिया था। पांच माह पूर्व महिला समाधान केंद्र में दोनों ने अलग रहने का फैसला किया।

जिसके बाद विशाल ने दूसरी शादी कर ली। आरोप है कि बावजूद इसके विशाल आए दिन मीनाक्षी को परेशान करता है। बीती सात फरवरी को वह गुंडों को लेकर उसके घर पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा। जब मीनाक्षी ने दहेज का सामान वापस मांगा तो उसने बेटी और उसे जान से मार डालने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार