कासगंज: मोहनपुरा मटरमंडी में किसानों का उपद्रव, व्यापारी पर जानलेवा हमला
कासगंज, अमृत विचार। मोहनपुरा मटरमंडी में मटर की गुणवत्ता को लेकर व्यापारी और किसानों के बीच हुई नोंकझोंक के बाद उग्र हुए किसानों ने जमकर उपद्रव किया। व्यापारी में एवं हिंदूवादी नेता पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर चोटें पहुंचा दीं। तोडफ़ोड़ के बाद गाड़ी पलट दी। जमकर पथराव किया। मोहनपुरा चौकी पुलिस किसानों के सामने बौनी दिखी। बाद में फोर्स पहुंचा तो उपद्रवी किसान भाग गए। मौके के वायरल हो रहे वीडियो किसानों के उपद्रव की गवाही दे रहे हैं। इधर देर शाम तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली। परिजन व्यापारी को गंभीर हालत में उच्च चिकित्सा के लिए अन्यत्र ले गए हैं।
मामला शनिवार दोपहर लगभग 4 बजे का है। जब किसी किसान की मटर कासगंज की दीनदयालपुर कॉलोनी निवासी व्यापारी दुर्गेश माहेश्वरी ने खरीदने के लिए भाव लगाया। मटर के पैकेटों में ऊपरी हिस्से में मटर की गुणवत्ता बेहतर थी और निचले हिस्से में मटर खराब थी। व्यापारी ने किसान से मटर की तौल कराने को मना कर दिया। इस पर अन्य किसान भी आस पास एकत्रित हो गए। व्यापारी से नोंकझोंक होने लगी।
देखते ही देखते कुछ किसानों ने व्यापारी के साथ मारपीट कर दी। व्यापारी ने कार में घुसकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन कार पर जमकर पथराव करते हुए कार क्षतिग्रस्त कर दी और व्यापारी के गले में पड़ी सोने की चैन तोड़ ली। एक पिस्टल और लगभग 15 लाख रुपये की नकदी भी किसानों द्वारा लूटने का आरोप व्यापारी के परिजनों ने लगाया। इधर काफी देर तक पथराव के बाद किसानों ने व्यापारी की अर्टिगा कार भी पलट दी। मोहनपुरा चौकी पुलिस बेबस बनी रही। बाद में जब कासगंज कोतवाली से फोर्स पहुंचा तब किसान वहां से भागे। घायल व्यापारी को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। व्यापारी की पत्नी वीरांगना वाहिनी की जिलाध्यक्ष दीप्ती माहेश्वरी ने आरोप लगाया है कि लगभग 15 लाख रुपये की नकदी, एक लाइसेंसी पिस्टल और सोने की चैन उपद्रवी किसान लूट ले गए हैं।
किसान और व्यापारी के बीच मारपीट हुई थी। मटर खरीदने को लेकर घटना हुई। घायल व्यापारी का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई होगी- सौरभ दीक्षित, एसपी।
ये भी पढे़ं- कासगंज: जनपद में तेज रफ्तार का कहर, कार ने ऑटो को मारी टक्कर, बालक समेत आठ घायल
