हल्द्वानीः आधे शहर में साढ़े पांच घंटे गुल रही बिजली, उपभोक्ताओं में रोष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में शनिवार को अलग-अलग जगहों पर साढ़े पांच घंटे बिजली गुल रही। बिजली कटौती के चलते कई इलाकों में ट्यूबवेल का भी संचालन ठप रहा। जिसके चलते लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगह पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकी। कई इलाकों में एटीएम सेवा भी प्रभावित रही। 
 शहर के बिठौरिया, मुखानी, कमलुवागांजा, देवलचौड़, कठघरिया, डहरिया समेत दर्जन भर क्षेत्रों में साढ़े पांच घंटे तक बिजली बाधित रही। लाइन में कार्य होने के चलते सुबह 10 बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक बिजली सप्लाई ठप रही। साढ़े तीन बजे के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई। 

दिनभर बिजली गुल होने से लोगों में रोष था। लोगों ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से पूर्व में कोई सूचना नहीं दी गई। देवलचौड़ के जसवंत सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से आए दिन घंटों बिजली गुल कर दी जाती है, जिससे पेयजल की समस्या हो जाती है। 

मुखानी के रहने वाले साकेत ने कहा कि प्रापर्टी डीलिंग के लिए कार्यालय खोला है, बिजली गुल होने से कार्यालय के कई कार्य प्रभावित होते हैं। 

वहीं, बिजली विभाग के जेई नीलेश पांडे ने बताया कि बिजली के तारों में लोड बढ़ाने का कार्य किया जा रहा था। जिसके चलते आपूर्ति बाधित रही। कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। 
   

संबंधित समाचार