मुरादाबाद : सोशल मीडिया पर उठे विवाद के बाद जानी दुश्मन बन बैठे दोनों दोस्त

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। विहिप नेता संतोष पंधारी उर्फ पंडित पर जानलेवा हमले के कारणों की तलाश शुरू हो गई है। फिलहाल ऐसी कोई सटीक वजह का अब तक पता नहीं चल सका है, जिसकी वजह से दो पुराने दोस्त एक दूसरे के जानी दुश्मन बन गए। पुलिस की नजर फिलहाल हमलावर की गिरफ्तारी पर टिकी है। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने दो टूक कहा कि हमलावर की गिरफ्तार के बाद ही घटना के असल कारणों का पता चल सकेगा।
 
नया मुरादाबाद में रहने वाले संतोष पंधारी विश्व हिन्दू परिषद में जिला सहमंत्री के रूप में कार्यरत हैं। शनिवार को दिल्ली रोड पर उन्हें गोली मारी गई। पुलिसिया पूछताछ में विहिप नेता ने कमर में गोली मारने का आरोप अपने करीबी व पुराने दोस्त रजत शर्मा पर लगाया। विहिप नेता के सनसनीखेज दावे से खलबली मच गई। संतोष पंधारी का दावा प्रथमदृष्टया विहिप के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के गले के नीचे नहीं उतरा। 

कार्यकर्ताओं ने बताया कि संतोष पंधारी व रजत शर्मा वर्षों पुराने दोस्त हैं। रजत शर्मा फिलहाल अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा का कार्यवाहक अध्यक्ष है। जबकि, संतोष पंधारी के कंधे पर विहिप के दायित्व का भार है। दावों पर यकीन करें तो सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट ने दो दोस्तों को जानी दुश्मन बना दिया। बताया जाता है कि महज एक दिन पहले रजत शर्मा ने ब्राह्मण महासभा के बैनर तले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के खिलाफ प्रदर्शन किया था। आरोप है कि रजत शर्मा द्वारा आरएसएस नेता के खिलाफ किया गया प्रदर्शन संतोष पंधारी को नागवार गुजरा। 

दोस्त के कदम पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली। पोस्ट के जरिए विहिप नेता ने कहा कि जो आरएसएस का नहीं, वह मेरा नहीं। यह पोस्ट ही शनिवार देर शाम शहर के मानसरोवर कालोनी गेट पर गोली चलने की वजह बताई जा रही है। हालांकि पुलिस के उच्चाधिकारी फिलहाल ऐसे दावों से इत्तेफाक नहीं रखते।  मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि हमलावर की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। जब तक हमलावर की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक ऐसी किसी भी संभावना पर मुहर नहीं लगाया जा सकता। हमलावर की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के असल कारणों का पता चलेगा।

 पुलिस ने खंगाली सीसीटीवी कैमरे की फुटेज
मानसरोवर गेट के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की पड़ताल पुलिस ने शुरू कर दी है। लाइनपार चौकी प्रभारी दलबल के साथ घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटे रहे। एक फुटेज में हमलावर की तस्वीर कैद होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि घायल ने बयान में हमलावर का नाम बताया है। विहिप नेता के बयान के आधार पर रजत शर्मा को आरोपी मानकर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। रजत की गिरफ्तारी की कोशिश में पुलिस ने दर्जनों संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।

315 बोर के तमंचे से मारी गोली
मझोला थाना प्रभारी ने बताया कि विहिप नेता को 315 बोर के तमंचे से गोली मारी गई है। हालांकि, पुलिस की नजर फिलहाल संतोष पंधारी की तबियत पर गड़ी है। चिकित्सक उनकी हालत स्थित बता रहे हैं। घटना की तह तक जाने के उद्देश्य से घायलों के परिजनों से पूछताछ करने की कोशिश जारी है।

इकलौते बेटे के घायल होने से मां ने खोया आपा, रो-रोकर बुरा हाल
मुरादाबाद। विहिप नेता संतोष पंधारी को गोली मारे जाने की खबर जंगल में आग की तरह फैली। कुछ ही देर में दिल्ली रोड स्थित साईं अस्पताल भीड़ से खचाखच भर गया। विहिप नेता के करीबियों का वहां तांता लग गया। विहिप नेता को गोली लगने की खबर परिजनों को दी गई। विहिप नेता की मां बदहवासी के हाल में साईं अस्पताल पहुंची। विहिप कार्यकर्ताओं को वह रो-रोकर बता रहीं थीं कि उनका पुत्र इकलौता है। पुलिस कर्मी विहिप नेता की मां को ढांढस बंधा रहे थे।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: न हों परेशान, गलती पर मिलेगी दूसरी ओएमआर शीट

संबंधित समाचार