खटीमा: प्रजनन काल में हाथियों व गुलदारों आक्रामक होने की आशंका से अलर्ट
हाथी झुंड खटीमा रेंज होकर जा रहे हैं नेपाल, वन कर्मी तैनात
वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की दी हिदायत
खटीमा, अमृत विचार। वर्तमान में वन्य जीवों में प्रमुख हाथी व गुलदार आदि के प्रजनन काल में उग्र होने व आबादी में आने की आशंका से वन विभाग अलर्ट हो गया है। साथ ही नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में हाथियों का झुंड आवाजाही कर रहा है। खटीमा वन रेंजर महेश जोशी ने बताया कि वन कर्मियों को नजर रखने व ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। अभी रेंज के छीनीगोठ से सटे जंगल में एक हाथी झुंड का विचरण करते दिखाई दिया।
बता दें कि खटीमा वन उप प्रभाग के अंतर्गत नेपाल से सटी सीमा में सटी अधिकांश सीमा में जंगल है। खटीमा रेंज में टनकपुर के छीनीगोठ व चकरपुर के लालकोठी क्षेत्र से सटा हाथी कारीडोर है। जिसमें हरिद्वार से रामनगर कार्बेट- कालाढूंगी-हल्द्वानी रेंज-गौलापार- जौलासाल- किलपुरा- शारदा रेंज- खटीमा रेंज होकर हाथी झुंड नेपाल को आते-जाते हैं।
खटीमा रेंजर जोशी ने बताया कि फरवरी से अप्रैल तक हाथियों का प्रजनन काल होता है। इस समय हाथी आक्रामक भी हो जाते हैं। साथ ही गुलदार, बाध का भी प्रजनन काल चल रहा है। उनके भी आबादी की ओर से नजर आने के मामले सामने आ रहे हैं, अब तक दाह ढाकी, नारायण नगर आदि क्षेत्रों में यह नजर आ चुके हैं। इसके लिए विभागीय टीमों को तैनात किया गया है। निरंतर ग्रामीणों को जंगल में अधिक अंदर न जाने व सतर्कता बरतने को कहा गया है।
