हल्द्वानी: कैंची धाम में खुलेगी पहाड़ी शैली वाली पुलिस चौकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सरकार की स्वीकृति के बाद कुमाऊं में नए थाने और चौकियों का सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन कर दिया। इस बीच पुलिस एक और नई पुलिस चौकी बनाने की तैयारी में है। ये चौकी चर्चा में इसलिए भी है कि क्योंकि इस चौकी को पूरी तरह पहाड़ी शैली में तैयार किया जाएगा। 
 

बीते कुछ सालों में लोगों की कैंची धाम के प्रति आस्था बढ़ी है और इसी का नतीजा है कि अब हर मंगलवार और शनिवार को भक्त 20 से 25 हजार की संख्या में कैंची धाम दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भवाली से कैंची धाम की दूरी तकरीबन पांच किलो मीटर है, ऐसे में पुलिस को व्यवस्था बनाने में भी परेशानी होती है। हालांकि अब पुलिस ने अस्थाई चौकी के तौर पर इस समस्या का समाधान खोज लिया है।

पुलिस ने कैंची धाम के पास राजस्व विभाग की एक नाली जमीन को चिह्नित किया था। जिस पर चौकी खोलने का प्रस्ताव एसएसपी की ओर से जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया था। जिलाधिकारी ने भी इस एक नाली जमीन पर अस्थाई पुलिस चौकी खोलने के लिए जमीन देने पर सहमति जता दी।

इस जमीन पर पुलिस दो मंजिला पुलिस चौकी का जल्द निर्माण शुरू करेगी। खास बात यह है कि दो मंजिला पुलिस चौकी को पूरी तरह पहाड़ी शैली में तैयार किया जाएगा। इसके प्रथम तल पर चौकी का कार्यालय होगा, जबकि ऊपरी तल पर बैठने का प्रबंधन किया जाएगा। इस ऊपरी तल से पुलिस कैंची धाम क्षेत्र की निगरानी भी कर सकेगी। 


प्रशासन से हमें कैंची धाम क्षेत्र में एक नाली भूमि मिल चुकी है। इस भूमि पर कैंची धाम की अस्थाई पुलिस चौकी बनाई जाएगी और ये चौकी पूरी तरह पहाड़ी शैली में बनाई जाएगी। चूंकि हर मंगलवार और शनिवार को भक्त यहां हजारों की संख्या में पहुंचते हैं, ऐसे में यहां अस्थाई चौकी की नितांत आवश्यकता महसूस की जा रही थी। 
- पंकज भट्ट, एसएसपी, नैनीताल 

संबंधित समाचार